Jind News Kanwar Yatra Tragedy: 4 महीने पहले हुई थी शादी! यमुनानगर सड़क हादसे में जींद के दो कांवड़ प्रेमियों की दर्दनाक मौत

जींद के नरवाना निवासी दो कांवड़ियों की यमुनानगर में अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हरिद्वार से लौटते समय हुआ हादसा। पढ़ें पूरी खबर।

 
जींद क्राइम न्यूज

जींद : नरवाना के रहने वाले दो युवकों की युमनानगर में वाहन की टक्कर से मौत हो गई. हरिद्वार से कांवड़ लेकर दोनों वापस नरवाना लौट रहे थे. नरवाना के लोगों को जब घटना के बारे में पता चला, तो वो युमनानगर के लिए रवाना हो गए. दो कांवड़ियों की मौत की सूचना से मातम पसर गया है.

यमुनानगर सड़क हादसे में दो कांवड़ियों की मौत: मोरपत्ति नरवाना निवासी सचिन (24) तथा अजय उर्फ काला (22) हरिद्वार से कांवड़ लेकर वाया युमनानगर नरवाना के की तरफ आ रहे थे. देर रात को युमनानगर के निकट तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना को अंजाम देकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. अन्य सहयोगी कांवड़ियों ने दोनों को नागरिक अस्पताल युमनानगर पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

जींद के रहने वाले थे दोनों युवक: दोनों की मौत की सूचना जब परिजनों को मिली तो वो युमनानगर के लिए रवाना हो गए. जबकि महिलाएं फूट-फूट कर रोने लगी. घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया. मृतक सचिन दो बहनों का इकलौता भाई था. जिसकी शादी अप्रैल 2026 में हुई थी. अजय उर्फ काला अविवाहित था.

सचिन पहली बार और अजय दूसरी बार लेने गया था कांवड़: नरवाना के मोरपत्ति मोहल्ला से चार-पांच अलग-अलग कांवड़ गई हुई थी. सचिन, अजय उर्फ काला, विक्रम व आशु नैन झूला कांवड़ लेने गए थे. सचिन की शादी पांच अप्रैल को हुई थी. वो शादी होने के बाद पहली बार कांवड़ लेने गया था. वहीं अजय उर्फ काला दूसरी बार कांवड़ लेने गया था. सचिन हिसार रोड पर स्पेयर पार्टस की दुकान करता था, तो अजय उर्फ काला 11वीं कक्षा में होने के साथ किसी दुकान पर काम करता था. सचिन व अजय उर्फ काला की मौत होने की सूचना मिलने पर मोरपत्ति मोहल्ला से गए दूसरे कांवड़िए भी वापस लौट आए.