जींद: सफीदों में नकली नोटों का सौदागर गिरफ्तार; 500 के 133 जाली नोट बरामद

जींद की सीआईए सफीदों पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी। रोहतक के युवक को 66,500 रुपये के नकली नोटों के साथ दबोचा। नए कानून BNS के तहत FIR दर्ज, बड़े रैकेट का खुलासा संभव।

 
Counterfeit Notes Seized Jind

जींद: सीआईए सफीदों पुलिस ने रोहतक के सांघी गांव निवासी रितेश उर्फ देवा को 66,500 रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी से 500-500 रुपये के 133 नकली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

सीआईए सफीदों की टीम को सरफाबाद जाने वाले रास्ते पर खड़े सूचना मिली कि बागडू खुर्द से एक संदिग्ध के पास नकली नोट हैं और किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी से 500-500 रुपये के 133 नकली नोट बरामद हुए हैं।  


सफीदों पुलिस ने आरोपी रितेश उर्फ देवा के खिलाफ नए कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन नकली नोटों को कहां छापा गया था और इसके पीछे कौन सा बड़ा रैकेट काम कर रहा है।