जींद-सोनीपत हाइड्रोजन ट्रेन: 5वां ट्रायल सफल, जल्द पटरी पर दौड़ेगी देश की पहली क्लीन ट्रेन
हरियाणा में हाइड्रोजन ट्रेन का इंतज़ार खत्म! जींद से सोनीपत के बीच 5वां रनिंग ट्रायल हुआ पूरा। 75 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन। जानें कब से शुरू होगी यात्रा।
जींद : हरियाणा में बहुप्रतीक्षित हाइड्रोजन ट्रेन के ट्रायल का सिलसिला अपने अंतिम चरण में पहुंच गया। जींद से सोनीपत रूट पर 5वां और अंतिम रनिंग ट्रायल सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया है। हाइड्रोजन ट्रेन का अंतिम परीक्षण रेलवे की अलग अधिकारियों के समक्ष किया जाएगा और उसके बाद इसको पटरी पर उतारने के लिए रेल मंत्रालय से स्वीकृति प्राप्त की जाएगी।
अब हाइड्रोजन ट्रेन के नियमित संचालन की उम्मीदें बलवती हो गई हैं। अपने अंतिम ट्रायल पर सुबह करीब 10.20 बजे ट्रेन जींद जंक्शन से रवाना हुई और लगभग 12.45 बजे सोनीपत जंक्शन पहुंची। वहां निर्धारित 15 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन वापसी के लिए रवाना हुई और करीब 3.45 बजे दोबारा जींद पहुंच गई।
इस दौरान जींद-सोनीपत रेलखंड के प्रत्येक स्टेशन पर ट्रेन को 1 से 2 मिनट तक रोका गया, ताकि विभिन्न तकनीकी पहलुओं का परीक्षण किया जा सके। पिछले 2 सप्ताह में हाइड्रोजन ट्रेन के कुल 5 परफॉर्मेंस ट्रायल किए गए हैं। अब अंतिम सेफ्टी चैक बाकी है जिसके बाद ट्रेन को ट्रैक पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इससे पहले 16 से 20 मार्च के बीच 3 ट्रायल हुए थे जिनमें 16 और 18 मार्च को 2-2 चक्कर लगाए गए जबकि 20 मार्च को एक ही रन किया गया था। बताया गया कि 16 मार्च के बाद प्लांट के इलैक्ट्रोलाइजर में आई खराबी के चलते ट्रायल प्रभावित हुआ था और बाहरी स्त्रोत से हाइड्रोजन गैस मंगवानी पड़ी थी। हालांकि अब तकनीकी खामी दूर कर ली गई है। गुरुवार को भी एक सफल ट्रायल किया गया था जिसमें ट्रेन की अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई। रेल अधिकारियों का मानना है कि सभी परीक्षण सफल रहने पर हाइड्रोजन ट्रेन जल्द ही यात्रियों के लिए शुरू की जा सकती है जो पर्यावरण के लिहाज से एक बड़ा कदम साबित होगी।

