कैथल: 60 हजार की रिश्वत लेते HDFC बैंक की महिला एजेंट गिरफ्तार; ACB की कार्रवाई
कैथल एंटी करप्शन ब्यूरो ने HDFC बैंक की एजेंट मुकेश रानी को 60,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। डेथ क्लेम और लोन सेटलमेंट के नाम पर मांगी थी रिश्वत।
कैथल : कैथल में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिश्वत लेने के मामले में एचडीएफसी बैंक की महिला एजेंट मुकेश रानी को 60 हज़ार रूपये लेते रंगे हाथ काबू कर लिया। महिला ऑफिसर एक लोन माफी में डेथ क्लेम सेटलमेंट की एवज में शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपए मांग रही थी जिसके बाद 60 हजार रुपए में मामला सेटल हुआ। विजिलेंस के पास शिकायत पहुँचने पर टीम ने कलायत अनाज मंडी के पास 60 हज़ार रूपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
कैथल एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय से इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि कलायत के ही रहने वाले युवक रमन ने इस संबंध में टीम को शिकायत दी थी। रमन ने आरोप लगाया था कि उसके पिता ने बैंक से एक लोन लिया था, लेकिन बाद में उसके पिता की मृत्यु हो गई थी। ऐसे में उसका लोन और डेथ क्लेम सेटलमेंट के नाम पर एनओसी दिलाने और बीमा क्लेम लेने के लिए उसने महिला कर्मचारी से संपर्क किया। महिला कर्मचारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उनके पैसे दिलवा देगी और इसकी एवज में उन्हें कुल राशि का 10% कमीशन उसे देना होगा। इस संबंध में युवक ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी। साथ ही महिला से की गई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्ड कर ली।
इस आधार पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और कलायत की अनाज मंडी के बाहर चाय की दूकान पर बुलाया जैसे ही कर्मचारी पैसे लेने लगी तो टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ दिया। इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

