कैथल: बिजली निगम का LDC 5 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
कैथल: कैथल में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी कि ACB की अंबाला इकाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. दरअसल, ACB की अंबाला इकाई ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के सीवन कार्यालय में कार्यरत एलडीसी संदीप कुमार को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी पर सोलर सब्सिडी से संबंधित फाइल को मंजूरी दिलाने और बिजली मीटर आवंटित कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है. शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
सोलर फाइल मंजूर कराने के नाम पर मांगी रिश्वत: उज्ज्वल भारत सोलर पावर फर्म के प्रोपराइटर शिकायतकर्ता ने एसीबी अंबाला को शिकायत दी थी कि उसके दो ग्राहकों के सोलर पैनल लगने के बाद संबंधित फाइलों को मंजूरी देने तथा बिजली मीटर जारी कराने के लिए एलडीसी संदीप कुमार 5 हजार रुपए की अवैध रिश्वत मांग रहा है. शिकायत का सत्यापन करने के बाद ब्यूरो ने ट्रैप की योजना बनाई.
विजिलेंस ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार: सत्यापन के बाद एसीबी अंबाला की टीम सीवन कार्यालय पहुंची. टीम ने आरोपी एलडीसी को 5 हजार रुपए की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया. कार्रवाई के बाद टीम आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई.
बिजली निगम कर्मचारियों में मचा हड़कंप: विजिलेंस की कार्रवाई के बाद यूएचबीवीएन कार्यालय में हड़कंप मच गया. कर्मचारी एक-दूसरे से मामले की जानकारी लेते नजर आए. आरोपी संदीप कुमार कैथल के मॉडल टाउन का निवासी बताया गया है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस मामले में किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका तो नहीं है. इस मामले में ब्यूरो थाना, एसवी एंड एसीबी अंबाला में केस दर्ज लिया है. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई: एसीबी इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने बताया कि, "शिकायत की पुष्टि होने के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया. अब मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी."

