Sudesh Haryanvi Singer News: कैथल की सिंगर सुदेश को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताकर धमकी, व्हाट्सएप पर आया मैसेज

रैपर बादशाह को चैलेंज करने वाली हरियाणवी सिंगर सुदेश को फिर मिले धमकी भरे मैसेज। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से डराने की कोशिश।
 
Lawrence Bishnoi gang threat Haryana

कैथल : रैपर बादशाह को अपने गाने के जरिए चैलेंज करने वाली कैथल की हरियाणवी सिंगर सुदेश को 2 दिन बाद फिर धमकी भरे मैसेज मिले हैं। सुदेश के व्हाट्सएप नंबर पर भेजे गए मैसेज में आरोपी ने खुद को 'लॉरेंस बिश्नोई गिरोह' से जुड़ा बताते हुए सुरक्षा लेने और 'तेरा नंबर आ चुका है' जैसी धमकी दी है।

धमकी भरे मैसेज में लिखा गया है कि 'तुझे टाइम दिया था, लेकिन बात तेरे समझ में नहीं आई। तुझे ट्रेलर दिखाना पड़ेगा'। मैसेज में सुदेश को एस.पी. या डी.एस.पी. से सुरक्षा लेने की बात कहते हुए धमकाया गया है। मैसेज में यह भी लिखा कि 'जो हमारे दुश्मन के साथ है, वह हमारा भी दुश्मन है'। इसके अलावा दिलेर मामले का जिक्र करते हुए सुदेश को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। मैसेज में मीडिया में जाने से कोई फायदा न होने और शिकायत वापस लेने की बात भी कही गई। आरोपी ने अपना नाम अनिल बताते हुए खुद को अनिल पंडित से जुड़ा बताया है। हालांकि, धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की पुलिस द्वारा अभी पुष्टि नहीं की गई है। मामले में सुदेश की तरफ से दोबारा धमकी भरे मैसेज के स्क्रीनशॉट पुलिस को उपलब्ध करवाए गए हैं।

गौर रहे कि सुदेश ने 11 सितम्बर को कैथल एस.पी. मनप्रीत सिंह को शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की थी। शिकायत में कहा गया था कि 10 सितम्बर की रात करीब 10.48 से 11.43 बजे तक एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार धमकी भरे मैसेज आए थे। सुदेश का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनका पूरा परिवार डरा हुआ है। बता दें कि रैपर बादशाह का 'टटीरी' सॉन्ग 1 मार्च, 2026 को रिलीज हुआ था। इसके जवाब में सुदेश ने 9 मार्च को 'बोली ए टटीरी' गाना गाया था।