Kaithal Police Encounter: अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हमले के आरोपी का एनकाउंटर, CIA और SDU टीम की बड़ी कार्रवाई
कैथल: राजौंद क्षेत्र में कैथल पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई. आरोपी ने रंजिश के चलते अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुसकर दो युवकों पर चाकूओं से जानलेवा हमला किया था. इस मामले में पुलिस ने बदमाश को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया. आरोपी टांग में गोली लगने से घायल है. वारदात के करीब 16 घंटे बाद कैथल पुलिस ने बदमाश को पकड़ लिया. पुलिस की CIA 1, SDU व AVT की टीम ने मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी की टांग में गोली मारी. उसको इलाज के लिए कैथल नागरिक अस्पताल में लाया गया है.
दो आरोपियों पर केस दर्ज: मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. आरोपियों में से एक हमलावर गांव क्योड़क का रहने वाला गोविंद है और दूसरा गांव ग्योंग का रहने वाला गोकन है. हमले में घायल युवक अभिषेक के बयान पर सिविल लाइन थाना में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. कैथल एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि "एक आरोपी अभी तक फरार है. पुलिस टीमें उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. सीआईए, सिविल लाइन थाना सहित छह टीमों को आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगाया गया है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा."
अस्पताल में जाकर चाकू से किया हमला: बता दें कि सोमवार को कैथल के नागरिक अस्पताल में गाड़ी में सवार होकर आए चार आरोपियों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने दो युवकों पर चाकूओं से हमला कर दिया था. आरोपियों ने दोनों युवकों पर एक के बाद एक कई वार किए. बाद में आरोपी मौके से फरार हो गए. युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल किया गया. जहां उनको चोटें ज्यादा होने के कारण हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. दोनों युवकों का कैथल के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
गांव में पहले हुआ था झगड़ा: दोनों युवक गांव क्योड़क के रहने वाले हैं. पहले गांव में उनका झगड़ा हुआ था. उसके बाद वे नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान उन पर हमला किया गया. घायल युवकों की पहचान गांव क्योड़क के रहने वाले 24 वर्षीय अभिषेक और इसी गांव के निवासी 27 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई. इनका गांव में हमलवारों के साथ विवाद हो गया था.
गाड़ी की टक्कर मारी: घायलों के भतीजे रजत ने बताया था कि उनका गांव के ही कुछ युवकों को कुछ समय पहले साथ आपसी कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया था. सुबह उसका भाई अभिषेक गांव के ही कुलदीप के साथ खेत में घास लेने के लिए गया हुआ था. इस दौरान एक गाड़ी में सवार होकर आए आरोपियों ने उसे टक्कर मार दी. वे दोनों चोटिल हो गए. परिवार के सदस्य दोनों को इलाज के लिए कैथल नागरिक अस्पताल में लेकर आए. यहां भी उन पर हमला कर दिया.

