Kaithal Crime News: एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर पुलिस का सर्च ऑपरेशन, कई गांवों में खंगाले गए संदिग्ध ठिकाने
कैथलः जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे कॉम्बिंग अभियान में कैथल पुलिस ने डेरा गरजा सिंह में बड़ी कार्रवाई की है. इसमें सिटी थाना पुलिस ने एक घर के बेडरूम में बेड के नीचे अंडरग्राउंड टंकी में छिपा रखे 500 लीटर लाहन सहित आरोपी सुखविंद्र सिंह उर्फ निक्का को काबू किया है.
अलग-अलग क्षेत्रों में चला कॉम्बिंग ऑपरेशनः तलाशी के दौरान टंकी से लाहन के अलावा एक प्लास्टिक केनी से 5 बोतल शराब भी बरामद हुई. सिटी थाना एसएचओ सतपाल ने बताया कि "एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों में कॉम्बिंग और चेकिंग अभियान चलाया गया. सिटी थाना की टीम ने डेरा गरजा सिंह में संदिग्ध ठिकानों की जांच की. इसी दौरान आरोपी को काबू कर लिया गया."
कई गांवों में चला सर्च ऑपरेशनः वहीं, राजौंद थाना पुलिस ने एसआई हरपाल सिंह के नेतृत्व में गांव सेरधा और नरवाल में भी सर्च अभियान चलाया. पुलिस टीम ने संदिग्ध नशा और शराब तस्करों के घरों और संभावित ठिकानों की तलाशी ली.
क्या बोले एसपीः पुलिस ने मादक पदार्थ, अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी सामग्री की जांच के साथ संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी. एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि "जिला पुलिस का उद्देश्य कैथल को नशामुक्त बनाना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है."