कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1950 किलो डोडा पोस्त के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार
कैथल पुलिस ने मध्य प्रदेश से पंजाब जा रहे 19.5 क्विंटल डोडा पोस्त से भरा ट्रक पकड़ा। पायलट कार का इस्तेमाल कर रहे 6 अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार।
कैथल : कैथल पुलिस ने जिले में अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी करते हुए करीब 19.5 क्विंटल (1950 किलो) डोडा पोस्त से भरा ट्रक पकड़ लिया। पुलिस ने इस मामले में 6 अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद डोडा पोस्त की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशा तस्कर मध्य प्रदेश से पंजाब डोडा पोस्त की खेप लेकर जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने ट्रक के आगे एक प्राइवेट पायलट कार लगा रखी थी, जो रास्ते में पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रही थी और ट्रक चालक को लगातार सूचना दे रही थी।सूचना के आधार पर कैथल पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने योजनाबद्ध तरीके से नाकाबंदी की। टीम ने ट्रक और पायलट कार को रोककर तलाशी ली तो ट्रक में भारी मात्रा में डोडा पोस्त मिला। मौके से कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही डीएसपी रोहताश जांगड़ा भी मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक, पायलट कार और बरामद डोडा पोस्त को कब्जे में लेकर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि खेप किसके कहने पर भेजी जा रही थी, पंजाब में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी और इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्कर कौन हैं। पुलिस को पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। यह कार्रवाई कैथल पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में मानी जा रही है। मामले में विस्तृत खुलासा पुलिस की ओर से प्रेस वार्ता के दौरान किए जाने की संभावना है।

