तार काटकर 8 दुकानों में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात; पुलिस जांच में जुटी
कैथल के पूंडरी में देर रात चोरों ने 8 दुकानों के ताले तोड़कर ₹60,000 नकद और सामान चोरी कर लिया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है, पुलिस जांच में जुटी।
कैथल: पूंडरी में देर रात चोरों ने 7 से 8 दुकानों को निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि चोर 60 हजार रुपये कैश और जरूरी सामान चोरी कर फरार हो गए. दो से तीन बजे के बीच चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया. मामले का जानकारी दुकानदारों को तब लगी, जब वो सुबह दुकान खोलने के लिए आए. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई.
पूंडरी मार्केट की 8 दुकानों में चोरी: चोरी की वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है. जिसमें दो चोर गल्ले से रुपये निकालते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में ले लिया है. जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है. वहीं दुकानदार सतपाल ने बताया कि सुबह दूध डेयरी संचालक ने उन्हें दुकानों में चोरी होने की जानकारी दी. चोरों ने पहले दुकान के बाहर लगे बिजली के तार को काटकर बंद किया, इसके बाद दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की. दुकानदारों ने बताया कि इस मार्केट में चोरी की ये तीसरी घटना है.
सीसीटीवी में कैद वारदात: कैथल के पूंडरी में चोरी की घटना के बाद से दुकानदारों में रोष है. एक दुकानदार ने बताया कि उन्होंने चौकीदार भी रखा था, लेकिन इसके बावजूद चोरी की वारदात हो चुकी है. वर्तमान में मार्केट में कोई चौकीदार नहीं है, जिस कारण दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर रोष है. दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम का गठन: जांच अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि ठचोरों ने 7 से 8 दुकानों को निशाना बनाया है. सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है. जिसके आधार पर पहचान कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चला दिया गया है."

