Karnal Asandh Road Bus Car Collision: ओवरटेक के चक्कर में प्राइवेट बस ने स्विफ्ट कार को मारी टक्कर, उड़े परखच्चे

करनाल-असंध मार्ग पर जुंडला के पास ओवरटेक के चक्कर में प्राइवेट बस और स्विफ्ट कार में सीधी टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक की मौत, जबकि 6 यात्री घायल हो गए।

 
करनाल भीषण एक्सीडेंट न्यूज़

करनाल: असंध मार्ग पर जुंडला के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ. ओवरटेक करने के प्रयास में प्राइवेट बस और स्विफ्ट कार के बीच सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वो बस के नीचे फंस गई. इस दर्दनाक हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 6 यात्री घायल हो गए.

ओवरटेक करते वक्त हुआ हादसा​: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्राइवेट बस करनाल की ओर से असंध की तरफ जा रही थी. ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही स्विफ्ट कार से जा टकराई. ​बस की रफ्तार तेज होने के कारण कार उसके नीचे दब गई. ​घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे.

कार चालक की मौत, बस में सवार 6 घायल: ​कार में फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. हादसे में घायल हुई बस की आधा दर्जन सवारियों को राहगीरों और पुलिस की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई​: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि "करनाल से असंध की तरफ जा रही प्राइवेट बस और सामने से आ रही स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हुई है. ​पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की आगामी कानूनी जांच शुरू कर दी है."