Karnal Civil Hospital Death: करनाल नागरिक अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

करनाल के नागरिक अस्पताल में डिलीवरी के बाद 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत। परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप।
 
medical negligence Haryana

करनाल : नागरिक अस्पताल में डिलीवरी के बाद 30 वर्षीय मनिका की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। मनिका मूलरूप से उत्तर प्रदेश के शामली जिले की रहने वाली थी और उसकी कुंजपुरा थाना क्षेत्र के गांव कुंडाकलां में 9 साल पहले बजिंदर के साथ शादी हुई थी।

मृतका के ससुर गोविंद सिंह ने बताया कि मनिका को डिलीवरी के लिए 12 सितम्बर को कुंजपुरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां से नागरिक अस्पताल करनाल रैफर कर दिया गया।

यहां ऑप्रेशन से डिलीवरी की गई। कुछ देर बाद अचानक महिला की तबीयत बिगड़ती चली गई जिसके चलते मरीज को आई.सी.यू. में दाखिल किया गया। परिजन के मुताबिक मनिका का गला काफी सूख रहा था इसलिए उसे ढक्कन भर पानी पिलाया गया। इसके बाद उसका ब्लड सैंपल लेकर लैब भेजा गया। रात करीब 3 बजे उसे खून चढ़ाया गया।

गोविंद सिंह का आरोप है कि खून चढ़ने के 5 से 7 मिनट बाद ही मनिका को तेज खुजली होने लगी। वह बेचैन होकर तड़पने लगी। परिजनों ने नर्स से डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा लेकिन चिकित्सक के आने तक मनिका की मौत हो चुकी थी। गुस्साए परिजनों ने चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को बुलाया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।