करनाल: दिनदहाड़े 43 हजार की लूट, बाइक सवार हमलावरों ने युवक को पीटा
करनाल के कर्ण विहार में बाइक सवारों ने स्कूटी सवार को टक्कर मार 43,200 रुपये लूटे। लूट में पारिवारिक विवाद का एंगल भी सामने आया, पुलिस जांच में जुटी।
करनाल: कर्ण विहार के पास दिनदहाड़े दो बाइक सवार युवकों ने एक व्यक्ति पर हमला कर उससे 43 हजार 200 रुपये लूट लिए. बदमाशों ने पहले स्कूटी को टक्कर मारकर गिराया, फिर लोहे की रॉड और चाकू के दम पर मारपीट की और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
नगला चौक से किया पीछा: सूरज नगर निवासी पीड़ित रविचंद्र ने बताया कि वो नगला चौक से कर्ण विहार की ओर जा रहे थे. उनके पास 43 हजार 200 रुपये थे, जो उन्हें कोर्ट में किसी काम के लिए जमा कराने थे. उसी समय स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे. शेखपुरा-सोहाना नहर के पास जब उन्होंने पीछे देखा, तो दोनों हमलावर बेहद करीब पहुंच चुके थे. खतरा भांपकर उन्होंने स्कूटी मोड़कर कर्ण विहार की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पीछा नहीं छोड़ा.
लोहे की रॉड से किया हमला: रविचंद्र का कहना है कि जैसे ही उन्होंने डायल-112 पर फोन करने के लिए मोबाइल निकाला, हमलावरों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और मोबाइल तोड़ दिया. इसके बाद लोहे की रॉड से पीठ और शरीर पर वार किए गए. हमले के दौरान बदमाश 43 हजार 200 रुपये लेकर फरार हो गए. पीड़ित ने दावा किया कि उसे स्प्लेंडर बाइक का नंबर HR 60N 5651 याद है, जिसे उसने पुलिस को उपलब्ध करा दिया है.
जांच में आया नया मोड़, रिश्तेदारी का भी एंगल सामने: घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम नागरिक अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंची और पीड़ित से विस्तृत पूछताछ की गई. जांच के दौरान पीड़ित की पत्नी ने दावा किया कि वारदात में उनकी ननद का बेटा शामिल हो सकता है. पुलिस के अनुसार शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले आरोपी लगातार पीड़ित के संपर्क में थे और फोन पर बातचीत हो रही थी. ऐसे में मामला केवल लूट का है या इसके पीछे कोई पारिवारिक विवाद भी जुड़ा है, इसकी गहन जांच की जा रही है.
सीसीटीवी, बाइक नंबर और नाकाबंदी के सहारे आरोपियों की तलाश: पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है. पीड़ित द्वारा बताए गए मोटरसाइकिल नंबर के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है. शहर के प्रमुख निकास मार्गों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध बाइक सवारों की जांच तेज कर दी गई है.

