करनाल: महीनों से चल रहा था फर्जी शराब का ठेका, पुलिस रेड में हुआ खुलासा
करनाल में बिना लाइसेंस महीनों से चल रहा था अवैध शराब का ठेका। मुनक थाना पुलिस ने छापा मारकर भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की। आबकारी विभाग पर उठे सवाल।
करनाल: हरियाणा के करनाल में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. कोहंड-असंध मुख्य मार्ग पर शराब माफिया ने अवैध शराब का ठेका खोल दिया. हद तो तब हो गई, जब बिना किसी लाइसेंस और मंजूरी के ये फर्जी ठेका महीनों तक धड़ल्ले से चलता रहा. जिम्मेदार विभागों को इसकी कानों-कान खबर तक नहीं हुई. बीती रात मुनक थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया.
एक्साइज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल: हैरानी की बात ये है कि कोहंड-असंध रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर महीनों से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब और बीयर बेची जा रही थी, लेकिन आबकारी विभाग पूरी तरह बेखबर सोया रहा. स्थानीय पुलिस को भी इसका पता तब चला जब उन्हें किसी मुखबिर से पुख्ता गुप्त सूचना मिली. इस लापरवाही ने क्षेत्र में प्रशासनिक मुस्तैदी और गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रात को पुलिस की बड़ी छापेमारी: गुप्त सूचना के आधार पर मुनक थाना पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन कर सोमवार देर रात संदिग्ध ठेके पर अचानक छापा मारा. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर की बोतलें बरामद की हैं. पुलिस ने ठेके पर अवैध रूप से शराब बेच रहे एक कारिंदे को रंगे हाथों धर दबोचा.
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई? मामले की जानकारी देते हुए मुनक थाना के एएसआई राजीव ने बताया "हमें सूचना मिली थी कि कोहंड-असंध रोड पर अवैध रूप से दुकान खोलकर शराब बेची जा रही है. पुलिस टीम ने तुरंत रेड कर मौके से भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की है. मौके से एक कारिंदे को काबू किया गया है. आबकारी विभाग को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी."

