Haryana Dhan Kharid Update: इंद्री के बाद अब घरौंडा में फर्जी धान खरीद का मामला आया सामने, पुलिस जांच में जुटी

करनाल के घरौंडा अनाज मंडी में उत्तर प्रदेश से अवैध रूप से लाया गया धान पकड़ा गया है। किसानों के पोर्टल डेटा का दुरुपयोग कर धान खपाने के मामले में केस दर्ज हुआ है।

 
Market Committee secretary Sunil Kumar

करनाल। उत्तर प्रदेश से सस्ते दामों पर धान लाकर हरियाणा के किसानों के नाम और 'मेरी फसल-मेरा ब्योरा' (MFMB) पोर्टल का दुरुपयोग कर सरकारी खरीद प्रणाली में खपाने वाले गिरोह पर प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इंद्री में आढ़ती के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद अब घरौंडा की नई अनाज मंडी में एक और बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। यहाँ बिना किसी वैध गेट पास के मंडी परिसर में दाखिल हुईं धान से लदी तीन संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया है। मार्केट कमेटी की ओर से दी गई आधिकारिक शिकायत में यह आशंका जताई गई है कि स्थानीय पंजीकृत किसानों के डेटा का गलत इस्तेमाल कर इस अवैध धान को सरकारी ई-खरीद सिस्टम में खपाया जाना था।

⚖️ मार्केट कमेटी सचिव की शिकायत पर एक्शन: आढ़ती और अन्य आरोपियों पर BNS की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज

मार्केट कमेटी घरौंडा के सचिव सुनील कुमार की सतर्कता और शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना घरौंडा में गांव बल्लाह निवासी कृष्ण और मंडी स्थित फर्म 'मैसर्स भीम सिंह संस' के प्रोपराइटर अमित मान के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 336(2) (फर्जीवाड़ा एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार करना) और 61 (आपराधिक साजिश) के तहत FIR दर्ज कर आगे की गहन छानबीन शुरू कर दी है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से धान खरीद में फर्जीवाड़ा करने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।