Karnal Murder Case: बाइक सवार बदमाशों ने 28 वर्षीय वीरू की ली जान, पुरानी रंजिश की आशंका से जांच में जुटी पुलिस
करनाल के हांसी रोड पर एक्टिवा सवार 28 वर्षीय वीरू वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या। पुरानी रंजिश की आशंका, सीआईए और पुलिस जांच में जुटी।
करनाल: बुधवार की रात हांसी रोड स्थित शराब के ठेके के पास एक्टिवा पर जा रहे एक युवक को बाइक सवार दो बदमाशों ने सिर में गोली मार दी. आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा. मौके पर मौजूद लोग युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की पहचान 28 वर्षीय वीरू वाल्मीकि उर्फ विशु के रूप में हुई है, जो दराबी लाइन, सदर बाजार, करनाल का रहने वाला था.
पुलिस और एफएसएल की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, सीआईए और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंच गईं. पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर साक्ष्य जुटाए और मौके से एक गोली का खोल बरामद किया. फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
रंजिश से जुड़ा है मामला? जांच अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि "प्रारंभिक जांच में मामला रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही. घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. पुलिस की कई टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा."
अस्पताल में उमड़ी भीड़: गोलीकांड की खबर फैलते ही अमृतधारा अस्पताल में मृतक युवक के परिजन, रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में पहुंच गए. अस्पताल परिसर में करीब 80 से 90 लोगों की मौजूदगी के चलते पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी.

