Karnal Road Accident: करनाल में होली की खुशियां मातम में बदलीं; पश्चिमी यमुना नहर बाइपास पर बाइक फिसलने से 2 किशोरों की मौत

करनाल के पश्चिमी यमुना नहर बाइपास पर होली मनाकर लौट रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। 17 वर्षीय हर्ष और हरीश की बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

 
Karnal Police Investigation

करनाल : एक तरफ जहां पूरा देश होली के रंग में रंगा हुआ था, वहीं दूसरी तरफ हरियाणा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने 2 घरों के चिराग बुझा दिए। इस हादसे से रंगों के पर्व होली की खुशियां जिले में मातम में बदल गईं। यहां करनाल के पश्चिमी यमुना नहर के बाइपास पर हुए सड़क हादसे में दो किशोरों की जान चली गई। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। 

मिली जानकारी के अनुसार दोनों मृतक युवकों की पहचान 17 वर्षीय रामनगर निवासी हर्ष और हरीश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त होली मनाकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों पश्चिमी यमुना नहर बाइपास पर पहुंचे थे कि अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसा इतना भीषण था कि हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरीश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल से गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। 

वहीं जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पहले एक युवक की मौत की सूचना मिली थी, जबकि दूसरा घायल था। उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने में जुटी है।