Karnal Blast: करनाल के सूरज नगर में सील बंद घर में धमाका, पटाखों के कारण ढही छत
करनाल के सूरज नगर में पटाखों के अवैध गोदाम में जोरदार धमाका। सील बंद घर की छत और दीवारें गिरीं। पड़ोस की बच्ची घायल। प्रशासन की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल।
करनाल: करनाल के सूरज नगर इलाके में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद घर में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि जिस घर में पटाखे रखे थे, उसकी छत और दीवारें पूरी तरह ढह गईं। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था, वरना एक बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।
दिवाली के समय से सील था घर
जानकारी के मुताबिक, इस घर को दिवाली के समय पटाखों के अवैध भंडारण के कारण प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया था। घर को किराए पर लेकर इसमें पटाखों का गोदाम बनाया गया था। सवाल यह उठ रहा है कि अगर घर सील था, तो अंदर रखे पटाखों में आग कैसे लगी और क्या सील होने के बावजूद वहां कोई हलचल हो रही थी?
पड़ोस की बच्ची घायल, सहम गया मोहल्ला
धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों की दीवारें भी हिल गईं। पड़ोस में रहने वाली महिला राकेश ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ, वह खाना बना रही थीं और उनकी बेटी बर्तन साफ कर रही थी। धमाके की गूंज और झटके से उनकी बेटी जमीन पर गिर गई, जिससे उसे मामूली चोटें आई हैं। धमाके के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जांच अधिकारी सतीश कुमार ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि हमें सूरज नगर में ब्लास्ट की सूचना मिली थी। जांच में पता चला है कि यह एक पटाखों का गोदाम था जिसमें आग लगने से ब्लास्ट हुआ है। अच्छी बात यह है कि घर बंद था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। इस मामले की गहनता से जांच की जाएगी कि सील घर के अंदर यह हादसा कैसे हुआ।"
उठ रहे हैं गंभीर सवाल
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जब घर दिवाली के समय से ही पटाखों की वजह से सील था, तो उन पटाखों को वहां से सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट क्यों नहीं किया गया? रिहायशी इलाके के बीचों-बीच इस तरह विस्फोटक सामग्री का छोड़ा जाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है।

