Karnal Zila Parishad Chairman Result: नाटकीय घटनाक्रम के बीच गीता रानी ने मारी बाजी, प्रवेश राणा गुट के मास्टरस्ट्रोक से बदली बाजी

करनाल जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव में गीता रानी ने 15 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने रीना खरकाली को 9 वोटों से हराया। जानिए चुनाव का पूरा समीकरण।

 
जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव हरियाणा

करनाल: जिला परिषद के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में शुक्रवार को एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला. कांटे की टक्कर और नाटकीय घटनाक्रम के बीच जिला पार्षद गीता रानी ने 15 वोट हासिल कर अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की. उन्होंने वर्तमान कार्यकारी अध्यक्षा रीना खरकाली को पराजित किया, जिन्हें मात्र 9 वोट ही मिल सके.​

अविश्वास प्रस्ताव लाने वाला गुट हुआ दो-फाड़: पूर्व अध्यक्ष प्रवेश राणा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद से यह पद खाली चल रहा था. आज जिला उपायुक्त आनंद शर्मा की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. कुल 25 में से 24 जिला पार्षदों ने इस मतदान में हिस्सा लिया. ​शुरुआत में कार्यकारी अध्यक्षा रीना खरकाली की जीत तय मानी जा रही थी, लेकिन गीता रानी के अचानक चुनावी मैदान में उतरने से सारे समीकरण बदल गए. प्रवेश राणा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाला पार्षदों का गुट दो भागों में बंट गया.

​प्रवेश राणा गुट के पार्षदों ने बिगाड़ा खेल: चुनाव के दौरान सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पूर्व अध्यक्ष प्रवेश राणा समर्थक गुट के पार्षदों ने अचानक गीता रानी के पक्ष में मतदान कर दिया. इस राजनीतिक चाल ने रीना खरकाली के खेमे की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और परिणाम जनचर्चा व कयासों से बिल्कुल उलट रहे. आपको बता दें कि कुछ दिन पहले पूर्व जिला परिषद प्रवेश राणा की धर्मपत्नी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था. जिसके चलते उनको अपना पद छोड़ना पड़ा. उसके बाद रीना खरकाली को कार्यकारिणी अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन प्रशासन के द्वारा आज इसकी एक बार फिर से वोटिंग करवाई गई.​

'विकास कार्यों को दी जाएगी गति': गीता रानी की जीत की घोषणा होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. चुनाव परिणाम के बाद गीता रानी के पति सुरेंद्र उड़ाना ने मीडिया से बातचीत करते हुए सभी समर्थक पार्षदों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि "यह जीत जिला परिषद के सदस्यों के विश्वास और एकजुटता की जीत है. अब बिना किसी भेदभाव के जिले के विकास कार्यों को गति दी जाएगी."