Milan Sneh Samaroh News 2026: कुलदीप बिश्नोई का पुनहाना दौरा: कार्यकर्ताओं को जोड़ने की मुहिम के बीच चाय मिलन समारोह, समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत
नूंह: हरियाणा की राजनीति में पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने और बिखरे कुनबे को एकजुट करने की कवायद में जुटे पूर्व सांसद चौधरी कुलदीप बिश्नोई रविवार को पुनहाना पहुंचे। पुनहाना विधानसभा क्षेत्र की अनाज मंडी में आयोजित चाय मिलन एवं स्नेह समारोह में उनका जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। ट्रैक्टरों और मोटरसाइकिलों पर पहुंचे समर्थकों के उत्साह को देखकर कुलदीप बिश्नोई भी गदगद नजर आए।
🤝 कार्यकर्ताओं को फिर से जोड़ने का प्रयास
दरअसल, कुलदीप बिश्नोई इन दिनों प्रदेशभर के जिलों में जाकर पुराने और नए कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनका उद्देश्य उन लोगों से संवाद करना है, जो किसी कारण से सक्रिय राजनीति से दूर हो गए हैं या पार्टी छोड़कर दूसरे दलों में चले गए हैं। पुनहाना का कार्यक्रम भी इसी मुहिम की कड़ी बताया गया। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि, "कार्यकर्ताओं का प्यार और सम्मान ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। हर जिले में जाकर पुराने और नए कार्यकर्ताओं से मिलना तथा उन्हें दोबारा एकजुट करना मेरे कार्यक्रमों का उद्देश्य है।"
🙏 शादी के सीजन में भी जुटे लोग
कुलदीप बिश्नोई ने कार्यक्रम के आयोजक इम्तियाज एडवोकेट, पुनहाना बार एसोसिएशन के प्रधान लतीफ एडवोकेट और उपस्थित लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि, "शादियों का सीजन और लोगों की व्यस्तता होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना उनके लिए भावुक करने वाला है। भाई लतीफ और इम्तियाज ने शानदार आयोजन किया। जलपान की व्यवस्था करने वाले पवन और उनके परिवार को भी उन्होंने अपना पारिवारिक सदस्य बताते हुए धन्यवाद दिया।"
🌿 पुराने पारिवारिक रिश्तों के नाम रहा आयोजन
वहीं, बार एसोसिएशन प्रधान लतीफ एडवोकेट ने कहा कि, "कुलदीप बिश्नोई के साथ मेरा पुराना पारिवारिक रिश्ता है और उसी के तहत चाय मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बुजुर्गों और युवाओं का सहयोग रहा।" वहीं, एडवोकेट इम्तियाज ने कहा कि, "कुलदीप बिश्नोई प्रदेश के हर जिले में जाकर कार्यकर्ताओं से रूबरू हो रहे हैं। उनका प्रयास उन लोगों को वापस जोड़ना है, जो निष्क्रिय हो गए हैं या पार्टी से दूर चले गए हैं।"
🚩 कार्यक्रम में भाजपा के झंडे और चुनाव चिह्न गायब
समारोह में भाजपा का झंडा, चुनाव चिह्न और पार्टी के बड़े नेताओं की तस्वीरें नजर नहीं आईं। इसको लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गईं। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पारिवारिक मिलन था। उन्होंने कहा कि कुलदीप बिश्नोई भाजपा में हैं, लेकिन इस आयोजन का मकसद पार्टी राजनीति से अलग पुराने रिश्तों को मजबूत करना था। आगे की रणनीति कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद तय होगी।
🏥 बीमार पवन मेंबर से मिलने पहुंचे कुलदीप
स्नेह मिलन समारोह के बाद कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पवन मेंबर के निवास पर पहुंचे। पवन मेंबर लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। कुलदीप बिश्नोई ने उनका हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान दोनों परिवारों के पुराने संबंधों को लेकर बातचीत हुई। कार्यक्रम में लतीफ एडवोकेट, इम्तियाज एडवोकेट और गुलाम नवी आजाद एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।