कुरुक्षेत्र बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों का धरना, समय सारणी विवाद के बाद खुला गेट

कुरुक्षेत्र के नए बस स्टैंड पर बसों की टाइमिंग को लेकर हरियाणा रोडवेज और प्राइवेट चालकों में विवाद। कर्मचारियों ने मुख्य गेट बंद कर दिया धरना।
 
हरियाणा रोडवेज कुरुक्षेत्र

कुरुक्षेत्र : जिला कुरुक्षेत्र के नए बस स्टैंड पर सोमवार को हरियाणा रोडवेज और प्राइवेट बस चालकों के बीच बसों के समय (टाइमिंग) को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि रोडवेज बस चालकों और कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप नए बस स्टैंड का मुख्य गेट बंद कर धरना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक बस स्टैंड का गेट बंद रहने से बसों का संचालन प्रभावित रहा और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

धरने पर बैठे रोडवेज कर्मचारियों का आरोप था कि प्राइवेट बस चालक को स्टैंड पर समय दिया जा रहा है लेकिन सरकारी बसों को समय नहीं दिया जा रहा है। जिससे सरकारी बसों की सवारियां प्रभावित हो रही हैं। कर्मचारियों ने प्रशासन से इस व्यवस्था में सुधार करने और नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की

सूचना मिलने पर रोडवेज के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे चालको से बातचीत की। अधिकारियों ने कर्मचारियों को निष्पक्ष कार्रवाई और व्यवस्था सुधार का आश्वासन दिया, जिसके बाद रोडवेज कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर बस स्टैंड का गेट खोल दिया। इसके बाद बसों का संचालन फिर से सामान्य हो गया।