कुरुक्षेत्र: 3 साल की बीमार बेटी संग दंपति ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखी यह वजह

कुरुक्षेत्र के प्रेम नगर में रेलवे कर्मचारी ने पत्नी और 3 साल की बेटी संग दी जान। बच्ची की लंबी बीमारी से परेशान था परिवार। पुलिस को मिला सुसाइड मैसेज।

 
वार्ड नंबर 20 कुरुक्षेत्र

कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां आज सुबह एक दंपति ने अपनी 3 साल की बेटी के साथ खुदकुशी कर ली. दरअसल, कुरुक्षेत्र के वार्ड नंबर 20 के प्रेम नगर में बेटी की बीमारी से परेशान दंपति ने अपनी बेटी संग खुदकुशी कर ली. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

जानें क्या बोले परिजन: तीनों मृतकों की पहचान 30 वर्षीय जितेंद्र, उसकी 28 वर्षीय पत्नी मंजू और 3 वर्षीय बेटी अद्विका के रूप में हुई है. मृतक के मौसा बालवीर ने बताया कि, "जितेंद्र रेलवे में नौकरी करता था. उसका छोटा भाई कनाडा में रहता है, जबकि उसके पिता की करीब 6 महीने पहले मौत हो चुकी है. परिवार में उनकी मां है. उनका छोटा भाई अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कनाडा में रहता है. अचानक उन्होंने यह कदम उठाया, इससे सभी हैरान हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी थी. लेकिन परिवार बेटी की बीमारी के चलते ये परेशान थे."

बच्ची की बीमारी से थे परेशान: वार्ड नंबर 20 के पार्षद मनिंदर ने बताया कि, "दंपति ने अपनी बेटी के साथ सुसाइड किया है. सभी इससे परेशान है. परिवार में सब कुछ वैसे तो ठीक था. लेकिन उनकी बच्ची बीमार थी. जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया है. उन्होंने एक टेक्स्ट मैसेज भी किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि उसका जिम्मेदार कोई नहीं है. वह अपनी बेटी की बीमारी से परेशान थे."

जांच में जुटी पुलिस: फिलहाल पुलिस ने मौके से शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी हॉस्पिटल कुरुक्षेत्र में भेज दिया है. परिजनों के बयान दर्ज करके आगामी कार्रवाई में पुलिस जुट गई है.