Pehowa Ambala Highway Accident: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चश्मदीद ने नोट किया गाड़ी का नंबर

कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद में नेशनल हाईवे-152 पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को कुचला। हादसे में युवक की मौत।
 
EV car accident Haryana

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद में अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे-152 पर लोटनी गांव के पास तेज रफ्तार EV कार ने बाइक सवार युवक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 34 वर्षीय रणजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसका एक हाथ शरीर से अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक रणजीत सिंह गांव खेड़ी शहीदां का रहने वाला था और इस्माइलाबाद में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता था। वह अपने पीछे पत्नी और एक बेटी छोड़ गया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

ढाबे से निकलते ही कार ने मारी टक्कर

पुलिस को दी शिकायत में गुरुनानक नगर निवासी रशपाल सिंह ने बताया कि वह आढ़त की दुकान चलाता है। बीती रात वह लोटनी गांव के पास एक ढाबे पर चाय पीने के बाद निकल रहा था। इसी दौरान उसका जानकार रणजीत सिंह बाइक से सर्विस लेन से पिहोवा-अंबाला रोड की तरफ पहुंचा। इसी दौरान पिहोवा की ओर से तेज रफ्तार में आई EV कार ने रणजीत की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

सड़क किनारे गड्ढों में जा गिरा

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रणजीत बाइक समेत सड़क के साथ बने गड्ढों में जा गिरा। वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका हाथ शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद कार का टायर भी पंक्चर हो गया, लेकिन चालक कार लेकर मौके से भागने लगा। रशपाल सिंह ने कार का पीछा किया और उसका नंबर CH-01-DC-0740 नोट कर लिया। इससे आरोपी वाहन की पहचान करने में पुलिस को मदद मिली।

पिहोवा से कुरुक्षेत्र ले गए, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घायल रणजीत को पहले पिहोवा के पास एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कुरुक्षेत्र ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल कुरुक्षेत्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश और मामले की जांच कर रही है।