कुरुक्षेत्र: जिला जेल में नशा सप्लाई का भंडाफोड़, आरोपी 'मोगली' की मां गिरफ्तार!
कुरुक्षेत्र जिला जेल की दीवार फांदकर नशा पहुंचाने के मामले में बड़ी कार्रवाई। मुख्य आरोपी कैदी 'मोगली' की मां अंबाला से गिरफ्तार। अब तक 8 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
कुरुक्षेत्र : जिला जेल में बंद कैदी तक नशीला पदार्थ पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक की मां को गिरफ्तार कर लिया है। इस केस में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान अंबाला निवासी सीमा देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपने बेटे के दोस्तों के जरिए जेल के अंदर नशे के पैकेट भिजवाए।
दीवार के ऊपर से फेंके गए पैकेट
मामले का खुलासा 29 दिसंबर को हुआ, जब जेल सुरक्षा में तैनात कर्मी ने सूचना दी कि किसी ने जेल की दीवार के ऊपर से संदिग्ध पैकेट अंदर फेंके हैं। जांच के दौरान टीम ने मौके से बोतलें और कुछ पुड़ियां बरामद कीं। जांच में सामने आया कि चार बोतलों में तरल नशीला पदार्थ भरा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच सीआईए-1 को सौंप दी। जांच के दौरान पहले जेल में बंद कुछ आरोपियों और बाहर के सहयोगियों को पकड़ा गया।
मोगली तक पहुंचाए जा रहे थे पैकेट
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ये पैकेट जेल में बंद कैदी ‘मोगली’ तक पहुंचाने के लिए फेंके गए थे। आरोपी अंकित और विशाल ने पैकेट जेल के अंदर फेंकने की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि यह काम आरोपी की मां के कहने पर किया गया था।पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने ही अपने बेटे के दोस्तों को नशे के पैकेट पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

