कुरुक्षेत्र: लाडवा में शोरूम-गोदाम में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

लाडवा-रादौर मार्ग पर इलेक्ट्रॉनिक शोरूम और गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग। करीब 2 करोड़ का सामान और 17 लाख नकद स्वाहा। 8 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू।

 
कुरुक्षेत्र न्यूज़

कुरुक्षेत्र: लाडवा-रादौर मार्ग पर राधा स्वामी सत्संग भवन के नजदीक एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम और उसके गोदाम में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई. शोरूम मालिक के मुताबिक इस हादसे में शोरूम में रखा करोड़ों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान और लाखों की नकदी जलकर खाक हो गई. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है.​

देखते ही देखते आग ने किया लिया विकराल रूप: ​मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है. शोरूम मालिक तरुण को फोन पर सूचना मिली कि उनके शोरूम से आग की लपटें उठ रही हैं. जब तक तरुण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरे शोरूम और उसके पीछे बने गोदाम में फैल चुकी थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया गया.

​8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू: ​सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग इतनी भीषण थी कि पहली गाड़ी की कोशिशें नाकाम साबित हुईं, जिसके बाद तुरंत बैकअप बुलाना पड़ा. घटनास्थल पर 5 से 6 दमकल वाहनों को तैनात किया गया. दमकल कर्मियों ने करीब आठ घंटे की भारी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पाया.

करोड़ों के नुकसान की आशंका: शोरूम मालिक तरुण ने बताया ​रात करीब 11 बजे फोन आया कि शोरूम में आग लगी है. मौके पर पहुंचा तो आग बहुत ज्यादा फैल चुकी थी. दमकल विभाग ने कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया. इस अग्निकांड में उनका सब कुछ बर्बाद हो गया है. शोरूम और गोदाम को मिलाकर करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया है. इसके अलावा, शोरूम में रखी 17 लाख रुपये की नकदी भी पूरी तरह जल गई.​

आभूषणों की सुरक्षा पर सस्पेंस: तरुण ने बताया कि उनका नया मकान निर्माणाधीन होने के कारण उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से कुछ सोने के आभूषण भी शोरूम में ही रखे हुए थे. अब मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है, जिसके बाद ही ये साफ हो पाएगा कि आभूषण सुरक्षित बचे हैं या आग की भेंट चढ़ गए. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रही है.