कुरुक्षेत्र: लाडवा में म्यूजिक विवाद पर फायरिंग, नेपाली परिवार के घर दागीं 5 गोलियां!
कुरुक्षेत्र के लाडवा में तेज म्यूजिक को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने की फायरिंग। संगम मार्केट में नेपाली परिवार के घर पर 5 राउंड गोलियां चलीं। पुलिस ने दर्ज किया केस।
कुरुक्षेत्र : जिले के लाडवा क्षेत्र में बीती रात मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया, जब पड़ोसी युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक नेपाली परिवार के घर पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि यह विवाद तेज आवाज में म्यूजिक बजाने को लेकर हुआ था।
जानकारी के अनुसार, लाडवा के वार्ड-11 स्थित संगम मार्केट में नेपाल मूल का कर्ण अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता है और यहां मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। बीती रात करीब 11 बजे कर्ण अपने घर पर म्यूजिक चला रहा था, जिससे परेशान होकर पड़ोसी आदि राणा (निवासी सहारनपुर, यूपी) ने उसे म्यूजिक बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
मामला बढ़ता देख किसी ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत करवा दिया। लेकिन कुछ देर बाद आरोपी युवक ने अपने दोस्तों को बुला लिया और रात करीब 2 बजे कर्ण के घर पर पहुंचकर फायरिंग कर दी। आरोपियों ने करीब 5 राउंड गोलियां चलाईं, हालांकि गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे परिवार दहशत में है। सूचना मिलते ही पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और घटनास्थल से 5 खाली खोल बरामद किए। थाना लाडवा के SHO गुरनाम सिंह के अनुसार, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

