कुरुक्षेत्र: लाडवा में ज्वेलरी शोरूम पर बंदूक की नोक पर लूट, नकाबपोशों ने छीनी अंगूठियां
कुरुक्षेत्र के लाडवा सर्राफा बाजार में हथियारबंद नकाबपोशों का तांडव। ज्वेलरी शॉप मालिक सुकल्प सिंघल से सोने की अंगूठियां और कैश लूटा। पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज।
कुरुक्षेत्र: मंगलवार को लाडवा सर्राफा बाजार में दो नकाबपोश युवकों ने हथियार के बल पर एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया. सूचना मिलने पर CIA और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले की जांच में जुट गया.
कुरुक्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से लूट: सर्राफा कारोबारी एवं दुकान मालिक सुकल्प सिंघल ने बताया कि वो अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे. तभी सफेद नकाब और काली कमीज पहने एक युवक अचानक दुकान के अंदर घुस आया. उसके हाथ में हथियार था और उसने आते ही धमकी देते हुए दुकान में मौजूद सोना-चांदी और तिजोरी की चाबी की मांग की.
दुकान में सेंध की कोशिश: सुकल्प ने बताया कि उनके पास तिजोरी की चाबी नहीं थी. उस वक्त दुकान में ज्यादा सामान नहीं था. जिसके चलते बदमाश ने उनके हाथ में पहनी लगभग 7 ग्राम और 8 ग्राम की दो सोने की अंगूठियां उतरवा ली. इसके साथ ही पर्स में रखे लगभग दो हजार रुपये भी छीन लिए. पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम दिया गया. जिससे बाजार में दहशत का माहौल बन गया.
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी: घटना की सूचना मिलते ही लाडवा डीएसपी निर्मल कुमार, थाना प्रभारी गुरनाम सिंह, सीआईए-1 व 3 की टीम मौके पर पहुंची. डीएसपी निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

