Kurukshetra News: ऑस्ट्रेलिया से सामान लेने आई महिला को ससुराल से निकाला, केस दर्ज
कुरुक्षेत्र के लाडवा में दहेज उत्पीड़न का मामला: ऑस्ट्रेलिया में तलाक के बाद सामान लेने ससुराल पहुंची महिला से मारपीट और धक्का-मुक्की। पुलिस ने दर्ज किया केस।
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज का सामान हड़पने तथा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में रह रही महिला जब अपना सामान लेने ससुराल पहुंची तो आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में धनौरा जाटान निवासी टिशु गगैन ने बताया कि उसकी शादी 27 सितंबर 2019 को छारपुरा गांव निवासी सचिन के साथ हुई थी। शादी के समय उसके परिवार ने ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने उसके पिता के सामने कार की मांग रख दी।
पीड़िता के अनुसार उसके पिता ने रिश्तेदारों और परिचितों से करीब तीन लाख रुपए उधार लेकर ससुर रामचंद्र को दे दिए, ताकि कार खरीदी जा सके। इसके बावजूद सास, ससुर और जेठ कम दहेज लाने की बात कहकर उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे और पति सचिन को भी उसके खिलाफ भड़काते रहे। महिला का आरोप है कि उसके पति के खिलाफ पहले से ही कुछ फौजदारी मामले कोर्ट में चल रहे थे, जिनकी जानकारी शादी से पहले छिपाई गई।
महिला ने बताया कि शादी के बाद वह गर्भवती हो गई थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के दबाव में उसे पीटीई परीक्षा पास कर ऑस्ट्रेलिया जाना पड़ा। 24 फरवरी 2021 को उसके बेटे अन्वय सिंह का जन्म हुआ। बाद में दिसंबर 2022 में उसे अपने दूधमुंहे बच्चे को मायके में छोड़कर विदेश जाना पड़ा, क्योंकि ससुराल पक्ष ने बच्चे की देखभाल करने से मना कर दिया था। पीड़िता के अनुसार सितंबर 2023 में उसने अपने पति को भी ऑस्ट्रेलिया बुला लिया, लेकिन वहां भी पति का व्यवहार उसके प्रति ठीक नहीं रहा। अंततः 28 अप्रैल 2025 को ऑस्ट्रेलिया में दोनों का तलाक हो गया। महिला का कहना है कि शादी के समय दिए गए गहने और अन्य कीमती सामान अभी भी ससुराल पक्ष के पास हैं।
महिला ने बताया कि 8 दिसंबर 2024 को वह भारत आई थी। भाई की सगाई में शामिल होने के बाद वह अपने नाबालिग बेटे और माता-पिता के साथ ससुराल पहुंची, ताकि अपना सामान वापस ले सके। आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष ने उसके और उसके पिता के साथ गाली-गलौज की, धक्का-मुक्की की और घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

