कुरुक्षेत्र: इंद्री-लाडवा मार्ग पर भीषण हादसा, किसान की मौत

कुरुक्षेत्र के लाडवा में तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर। हादसे में किसान राजबीर सिंह की मौत, पीजीआई चंडीगढ़ में तोड़ा दम। पुलिस ने केस दर्ज किया।

 
सड़क सुरक्षा हरियाणा

कुरुक्षेत्र : जिले के लाडवा क्षेत्र में इंद्री-लाडवा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल किसान ने पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक की पहचान गांव गोबिंदगढ़ निवासी 57 वर्षीय राजबीर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राजबीर सिंह रविवार सुबह अपने खेत से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। जब वह इंद्री-लाडवा मार्ग पर गांव बड़ौंदी के पास मुख्य सड़क पर पहुंचे तो इंद्री की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि राजबीर सिंह सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पहले एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र और बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। उपचार के दौरान राजबीर सिंह ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया है कि मृतक का एक पुत्र है, जो रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में रह रहा है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना प्रभावित मार्गों पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाने तथा तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।