कुरुक्षेत्र: मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज हमारी जमीन पर, HSGMC चलाएगा- झींडा

HSGMC प्रधान जगदीश सिंह झींडा का बड़ा दावा, मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज को कमेटी ही चलाएगी। 4 महीने से वेतन न मिलने पर SGPC से जल्द भुगतान की मांग।

 
हरजिंदर सिंह धामी SGPC

कुरुक्षेत्र: हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (HSGMC) के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने शाहाबाद स्थित मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को लेकर बड़ा दावा किया है. दरअसल, कुरुक्षेत्र स्थित सिख मिशन हरियाणा कार्यालय में सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि, "मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज हमारी जमीन पर बना है और इसे हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ही चलाएगी. इसे किसी दूसरी संस्था को नहीं सौंपा जाएगा. HSGMC के पास मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के संचालन के लिए पर्याप्त क्षमता और संसाधन है."

विवाद सुलझाने के लिए बनाई गई समिति: झींडा ने आगे कहा कि, "मेडिकल कॉलेज से जुड़े विवाद के समाधान के लिए HSGMC ने 11 सदस्यीय समिति का गठन किया था. समिति ने SGPC प्रधान हरजिंदर सिंह धामी से बातचीत कर आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया. बैठक के दौरान SGPC के एक सदस्य ने HSGMC प्रतिनिधियों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. हम संबंधित सदस्य से अपने शब्द वापस लेने और संगत से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग करते हैं."

चार माह से वेतन लंबित: मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के कर्मचारियों का मुद्दा उठाते हुए झींडा ने कहा कि, "डॉक्टर और कर्मचारी पिछले चार माह से बिना वेतन के मानवता की सेवा कर रहे हैं. मेरी SGPC से अपील है कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद 28 जुलाई तक कर्मचारियों का वेतन जारी किया जाए. यदि SGPC वेतन देने में असमर्थ रहती है तो HSGMC अस्पताल का संचालन अपने हाथ में लेने पर गंभीरता से विचार करेगी."

सरकार से आर्थिक सहयोग की उम्मीद: सरकारी सहायता के सवाल पर झींडा ने कहा कि, "हरियाणा सरकार को आर्थिक सहयोग के लिए पत्र भेजा गया है. यदि सरकार 100 करोड़ रुपये की सहायता देती है तो हम उसका स्वागत करेंगे. यदि सहायता नहीं मिलती तो भी HSGMC अपने संसाधनों से मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का संचालन बेहतर ढंग से करेगी."

पीएम का जताया आभार: पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की एसआईटी के समक्ष पेशी के सवाल पर झींडा ने कहा कि, "यह पूरी तरह राजनीतिक मामला है और HSGMC का इससे कोई लेना-देना नहीं है." वहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कुरुक्षेत्र के उमरी में बनने वाले सिख म्यूजियम के शिलान्यास पर आभार जताते हुए कहा कि, "यह सिख समाज के लिए गर्व का विषय है. संग्रहालय में सिख गुरुओं के इतिहास, उनकी शिक्षाओं और बलिदानों को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जाएगा."