KUK Thana Police Action: कुरुक्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, शराब पीने से परेशान पत्नी ने पति का पेट चीरकर की हत्या

कुरुक्षेत्र में पति की बेरहमी से हत्या कर शरीर के अंग निकालने वाली आरोपी महिला बिमला देवी गिरफ्तार।
 
UP Dhaspur resident killed

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र में पति की बेरहमी से हत्या कर उसके शरीर के अंग निकालने वाली आरोपी महिला बिमला देवी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। जानकारी देते हुए थाना के.यू.के. प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंधु ने बताया कि 21 अगस्त को राजेश निवासी धासपुर जिला सीतापुर यू.पी. की हत्या हो गई थी। पुलिस को दिए बयान में आरोपी महिला बिमला ने बताया कि करीब एक साल से वह अपने पति राजेश कुमार के साथ किराए के मकान में नजदीक राज पैलेस पिहोवा रोड पर रहती है। उसका पति शराब पीने का आदी था व उसके साथ मारपीट करता था। 

इसके कारण वह उसकी शराब छुड़वाने के लिए जादू-तंत्र वालों के पास जाती थी लेकिन कहीं से भी कोई लाभ नहीं हो रहा था। उसका पति राजेश कुमार उसे बड़ी बेरहमी से पीटता था व कहता था कि तुझे छोड़ दूंगा और दूसरी शादी कर लूंगा। इन सभी बातों से दुखी होकर उसने अपने पति राजेश को रास्ते से हटाने की सोची। जब उसका पति राजेश थक-हारकर कमरे में सो रहा था तो उसने 3 चाकुओं से बार-बार हमला कर उसका पेट चीर दिया और उसकी हत्या कर दी। उसने वारदात में प्रयोग किए गए चाकुओं को मौके पर छोड़ दिया था।

21 अगस्त को पत्नी ने की हत्या

मृतक राजेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर का रहने वाला था और करीब एक साल से कुरुक्षेत्र के पिहोवा रोड स्थित किराए के मकान में रह रहा था। वह पास ही एक आरओ प्लांट में काम करता था। बताया गया है कि विमला उसकी तीसरी पत्नी थी। पहली दो पत्नियों से तलाक के बाद राजेश ने विमला से प्रेम विवाह किया था।  पुलिस जांच के अनुसार 21 अगस्त को विमला ने राजेश की हत्या कर दी। हत्या के बाद वह करीब तीन से चार घंटे तक शव के पास बैठी रही। शाम करीब 4 से 5 बजे मकान मालिक रिंकू राजेश के कमरे में पहुंचा तो उसने विमला को शव के पेट से आंतें निकालते हुए देखा। मकान मालिक को देखते ही विमला ने छत से छलांग लगा दी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।