कुरुक्षेत्र NIT में बीटेक छात्र ने की खुदकुशी, हॉस्टल के कमरे में मिला शव

NIT कुरुक्षेत्र के हॉस्टल नंबर-8 में बीटेक 5वें सेमेस्टर के छात्र पवन कुमार ने फंदा लगाकर दी जान। नूंह का रहने वाला था छात्र। पुलिस को कमरे से मिली नोटबुक।

 
हरियाणा कैंपस सुसाइड न्यूज़

कुरुक्षेत्र : हरियाणा के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) कुरुक्षेत्र में बीटेक के एक छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव देर रात हॉस्टल नंबर-8 के कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान पवन कुमार (23) निवासी जिला नूंह के रूप में हुई है। पवन NIT कुरुक्षेत्र में बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 5वें सेमेस्टर का छात्र था और हॉस्टल नंबर-8 के ब्लॉक-सी में कमरा नंबर 452 में रहता था।

पुलिस के अनुसार पवन अपने कमरे में अकेला रहता था। मंगलवार शाम वह कमरे में ही था। देर रात उसके कुछ दोस्त उसे बुलाने के लिए कमरे में पहुंचे तो वह पंखे से लटका हुआ मिला। इसके बाद तुरंत हॉस्टल सुरक्षा कर्मियों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस को कमरे से एक नोटबुक भी मिली है, जिसमें कुछ बातें लिखी हुई हैं। प्रारंभिक जांच में उसमें खर्च से जुड़ी बातें लिखी मिली हैं। पुलिस नोटबुक की भी जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है। बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।