कुरुक्षेत्र हादसा: NH-152D पर कार ने गार्ड और महिला को कुचला, 100 मीटर तक घसीटा

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में नेशनल हाईवे 152D पर भीषण हादसा। तेज रफ्तार कार ने गार्ड और महिला को कुचला। महिला को 100 मीटर तक घसीटा, दोनों की मौके पर मौत। जांच जारी।

 
कुरुक्षेत्र न्यूज़ हिंदी

कुरुक्षेत्र: पिहोवा में राष्ट्रीय राजमार्ग 152D पर दो लोगों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया. जिससे दोनों की मौत हो गई. हाईवे पर काम कर रहा गार्ड टक्कर लगते ही पुल से नीचे गिर गया. जबकि महिला कार के आगे हिस्से में फंस गई. जिसके बाद वो करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल में रखवा दिया. आज दोनों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा.

कुरुक्षेत्र में सड़क हादसा: मिली जानकारी के अनुसार कुछ वर्कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काम कर रहे थे. वो पिहोवा के लाडवा फॉर्म के पास उनके ऊपर काम कर रहे थे. अचानक रफ्तार से आ रही कार ने पहले गार्ड को टक्कर मारी. फिर एक महिला को कुचल दिया. टक्कर लगने के बाद गार्ड पुल से नीचे गिर गया. कार चालक महिला को करीब 100 मीटर दूर तक घसीटते ले गया. इस हादसे में दोनों की मौत हो गई.

महिला और शख्स की मौत: मृतकों की पहचान कैथल के सलीम मदूद पुर गांव निवासी 44 वर्षीय सलीना और कुरुक्षेत्र के सारसा गांव निवासी 53 वर्षीय अमित लाल के रूप में हुई है. अमित लाल हाईवे पर संकेत लगाकर अपनी ड्यूटी पर तैनात था. सभी राजस्थान नंबर की एक गाड़ी आई और उसको जोरदार टक्कर मार दी. अमित को टक्कर मारने के बाद कार ने महिला को करीब 100 मीटर तक घसीटा.

परिजनों ने जानें क्या कहा: मृतक महिला की बहन रजनी ने बताया कि उसके पास दो बच्चे हैं. जिसमें एक बेटा और बेटी हैं. बेटी की शादी दिसंबर महीने में ही की है और बेटे को उसने कर्ज पर पैसा उठाकर स्पेन भेजा हुआ है. वहीं अमित लाल के परिजन बलवान ने बताया कि अमित लाल परिवार में कमाने वाला केवल वही था. उसके पास तीन बच्चे हैं. जो पिता की मौत के बाद बेसहारा हो गए हैं.

पुलिस मामले की जांच में जुटी: पिहोवा सदर थाना से जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि "पुलिस को हादसे की सूचना मिली थी. जिसमें एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई है. पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है. आरोपी फिलहाल फरार है. पुलिस के द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है."