CIA-1 Kurukshetra: चाकू दिखाकर लूट करने वाले आरोपी ने पुलिस को दिया चकमा, सुंदरपुर पुल से लगाई छलांग

कुरुक्षेत्र में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में लूट का एक आरोपी सुंदरपुर फ्लाईओवर से नीचे कूद गया, जिससे उसकी टांग टूट गई। पुलिस निगरानी में इलाज जारी है।

 
police custody escape

कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में लूट के एक आरोपी को फ्लाईओवर से छलांग लगाना भारी पड़ गया. दरअसल, पुलिस वारदात की निशानदेही कराने के लिए आरोपी को सुंदरपुर फ्लाईओवर पर लेकर पहुंची थी. इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर नीचे छलांग लगा दी. हादसे में उसकी टांग टूट गई. पुलिस ने उसे दोबारा हिरासत में लेकर एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका पुलिस निगरानी में इलाज चल रहा है.

चाकू दिखाकर लूट की वारदात: सीआईए-1 इंचार्ज प्रतीक कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि, "18 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे सुंदरपुर पुल के पास तीन युवकों ने सब्जी मंडी जा रहे एक व्यक्ति को चाकू दिखाकर लूट लिया था. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान देवांश, राहुल और अहित के रूप में हुई है. तीनों कुरुक्षेत्र के पिपली और बीड़ पिपली क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर वारदात में इस्तेमाल सामान की बरामदगी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई."

निशानदेही के लिए फ्लाईओवर पर पहुंची पुलिस: सीआईए-1 इंचार्ज प्रतीक कुमार ने आगे बताया कि, "सीआईए-1 की टीम तीनों आरोपियों को देर रात सुंदरपुर फ्लाईओवर पर वारदात वाली जगह की निशानदेही कराने के लिए लेकर गई थी. पुलिस टीम कार्रवाई पूरी कर रही थी, तभी आरोपी देवांश ने भागने का मौका तलाश लिया. देवांश ने अचानक पुलिसकर्मियों से बचने की कोशिश की और फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी. ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी एक टांग टूट गई. पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे काबू किया और इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया."

पहले भी दर्ज हैं कई मामले: सीआईए-1 इंचार्ज प्रतीक कुमार ने बताया कि, "देवांश का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ चोरी, मारपीट और छीना-झपटी के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसके साथ पकड़े गए अन्य दोनों आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू बरामद कर लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी अन्य लूट या चोरी की वारदात में भी शामिल रहे हैं या नहीं."

अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी: अस्पताल में भर्ती देवांश से पुलिस की निगरानी में पूछताछ जारी है. पुलिस आरोपियों से अन्य मामलों और संभावित बरामदगी को लेकर जानकारी जुटा रही है. मामले की जांच आगे बढ़ रही है.