कुरुक्षेत्र मुठभेड़: जर्मनी से डिपोर्ट बदमाश पैर में गोली लगने से ढेर, 2 गिरफ्तार

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़। 12 जून के लूटकांड का आरोपी विशाल पैर में गोली लगने से घायल। जर्मनी से डिपोर्ट होकर लौटा था भारत।

 
कुरुक्षेत्र एलएनजेपी अस्पताल

कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और दो बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरे को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. घटना पिहोवा क्षेत्र के मुर्तजापुर गांव के पास हुई, जहां पुलिस को दोनों आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. घायल आरोपी का इलाज कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है.

लूटकांड के आरोपियों की तलाश में थी पुलिस: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को विशाल और लविश नामक दो युवकों की तलाश थी. दोनों पर 12 जून को पिहोवा के अरुणाय मंदिर के पास एक वाहन लूटने का आरोप है. वारदात के बाद से पुलिस की विभिन्न टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थीं. सोमवार सुबह गुप्त सूचना मिलने पर सीआईए-2 की टीम मुर्तजापुर गांव के पास पहुंची.

पुलिस पर की फायरिंग: पुलिस के अनुसार आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. बदमाशों की ओर से किए गए एक फायर ने पुलिस वाहन को निशाना बनाया, जबकि दूसरी गोली एक पुलिसकर्मी के कान के पास से गुजर गई. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. दोनों पक्षों की ओर से दो-दो राउंड फायर किए गए. जवाबी फायरिंग में विशाल के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया.

जर्मनी से डिपोर्ट होकर लौटा था विशाल: पुलिस की मानें तो घायल आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र के बीड़ अमीन गांव निवासी विशाल के रूप में हुई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार वह करीब 10 से 12 दिन पहले ही जर्मनी से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था. बताया जा रहा है कि भारत लौटने के बाद वह अपने घर भी नहीं गया और इसी दौरान आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया. दूसरा आरोपी लविश कैथल जिले के किठाना गांव का निवासी है.

अस्पताल में चल रहा इलाज: वहीं, घायल आरोपी को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार उसकी हालत स्थिर बनी हुई है और वह खतरे से बाहर है. पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. मामले में एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टर उपेंद्र ने कहा कि, "हमारे पास गन शॉट इंजरी का एक केस आया है, जिसे सीआईए-2 टीम मुठभेड़ के बाद लेकर आई थी. उसकी टांग में गोली लगी है. उसका इलाज जारी है और वह खतरे से बाहर है."

बता दें कि घटना को लेकर अभी तक कुरुक्षेत्र पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. हालांकि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे लूटकांड समेत अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है. मामले में विस्तृत जानकारी पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया के बाद सामने आने की संभावना है.