Sector 7 Kurukshetra Robbery: कुरुक्षेत्र पुलिस की बड़ी सफलता, सेक्टर-7 डकैती मामले में दिल्ली-सोनीपत से आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र के सेक्टर-7 में सीनियर एडवोकेट के घर हथियार के बल पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अपराध अन्वेषण शाखा-1 की टीम ने राजीव उर्फ बोबी उर्फ दादा निवासी रोहिणी दिल्ली, प्रिंस उर्फ पंछी निवासी पानीपत और शिव कुमार उर्फ शिब्बा निवासी गनौर, सोनीपत को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए जेवरात, नकदी, मूर्तियां, 28 राउंड और वारदात में इस्तेमाल गाड़ी बरामद कर लिए हैं.
पति-पत्नी को बंधक बनाकर की थी लूट: पुलिस के अनुसार 6 अगस्त को करीब रात 10 बजे चार युवक सेक्टर-7 स्थित सीनियर एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया के घर में घुस गए थे. आरोप है कि बदमाशों ने हथियार के बल पर एडवोकेट और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया. 7 अगस्त को शिकायत मिलने के बाद थाना शहर थानेसर में केस दर्ज किया गया. सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.
चार आरोपियों से पहले ही बरामद हुए थे 5.50 लाख: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अपराध अन्वेषण शाखा-1 और शाखा-2 की टीमों को जांच सौंपी थी. पुलिस ने 10 अगस्त को वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. उनके कब्जे से करीब 5.50 लाख रुपये बरामद हुए थे. आरोपियों को अदालत में पेश कर नौ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था.
प्रिंस के कब्जे से जेवरात और 4.50 लाख कैश बरामद: इस बारे में अपराध अन्वेषण शाखा-1 प्रभारी निरीक्षक प्रतीक कुमार ने बताया कि, "प्रिंस उर्फ पंछी से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, मूर्तियां, 28 राउंड, 4 लाख 50 हजार रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल गाड़ी बरामद की गई है. वहीं, आरोपी शिव कुमार से एक लाख रुपये की नकदी बरामद हुई. पुलिस ने मामले में रैकी करने के आरोपी राजीव उर्फ बोबी उर्फ दादा को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया. आरोपी से पूछताछ के आधार पर लूट की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है."
करीब 15 लाख रुपये की नकदी बरामद: निरीक्षक प्रतीक कुमार ने आगे कहा कि, "सभी आरोपियों से करीब 15 लाख रुपये की नकदी, लूटे गए सभी सोने-चांदी के जेवरात, मूर्तियां और 28 राउंड बरामद किए गए हैं. तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और लूट की पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है."

