कुरुक्षेत्र सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को रौंदा, पिता की मौत, 10 साल का बेटा घायल!
शाहाबाद (कुरुक्षेत्र) में भीषण सड़क हादसा। तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने बाइक को मारी टक्कर, 38 वर्षीय सोनू की मौत, 10 साल का बेटा अक्षय घायल। आरोपी चालक मौके से फरार।
कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय बेटा घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय सोनू निवासी बिजली कॉलोनी के रूप में हुई है, जो पंचकूला की एक फैक्ट्री में काम करता था। जानकारी के अनुसार वह अपने बेटे अक्षय और छोटे भाई पप्पू के साथ बाइक पर पंचकूला से शाहाबाद लौट रहा था। रास्ते में उसने अपने भाई को जीटी रोड पर शिव द्वार के पास उतार दिया और खुद बेटे के साथ आगे बढ़ गया। बताया जा रहा है कि बाइक करीब 30-40 मीटर ही आगे बढ़ी थी कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार आल्टो कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और कार सोनू को कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल शाहाबाद पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सोनू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे चंडीगढ़ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं घायल बेटे का इलाज जारी है। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

