Shahabad Kurukshetra Snatching Case: ईशरगढ़ गांव में महिला से लूटपाट, बाइक छोड़कर भाग रहे आरोपी को लोगों ने दबोचा

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में बुजुर्ग महिला की बालियां झपटकर भाग रहे लुटेरे को ग्रामीण ने पीछा कर पकड़ा। आरोपी गिरफ्तार।
 
Jagdish Tamak SHO

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र के शाहाबाद क्षेत्र के गांव ईशरगढ़ में बुजुर्ग महिला से बालियां झपटने के बाद भाग रहे आरोपी को एक ग्रामीण ने पीछा कर शाहाबाद बाजार में पकड़ लिया। आरोपी ने बचने के लिए ग्रामीण पर ईंट से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण ने हिम्मत नहीं हारी। बाद में बाजार के अन्य लोग भी मदद के लिए आगे आए और आरोपी को दबोच लिया। वारदात के दौरान बालियां झपटने से महिला के कान फट गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार ईशरगढ़ निवासी महिला सुंदर के साथ आरोपी युवक ने पहले बातचीत शुरू की और उसे बातों में उलझा लिया। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी ने महिला के कानों से बालियां झपट लीं। अचानक हुई वारदात में महिला के कान फट गए और वह जोर-जोर से शोर मचाने लगी। इसके बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।

ग्रामीण ने बाइक से शुरू किया पीछा
महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों को वारदात का पता चला। इसी दौरान संदीप कुमार बाइक से खेतों से लौट रहा था। ग्रामीणों ने उसे आरोपी के भागने की जानकारी दी। संदीप ने तुरंत आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। आरोपी बाइक लेकर जलेबी पुल की तरफ भागा और वहां से शाहाबाद बाजार में दाखिल हो गया।

बाइक छोड़कर पैदल भागा आरोपी
शाहाबाद बाजार में भीड़ अधिक होने के कारण आरोपी बाइक से आगे नहीं निकल सका। उसने बाइक छोड़कर पैदल भागना शुरू कर दिया। संदीप ने उसका पीछा जारी रखा और उसे पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने वहां पड़ी ईंट उठाकर संदीप पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह पीछे नहीं हटा।

शोर सुनकर बाजार के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए और आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद महिला से छीनी गई बालियां आरोपी के कब्जे से बरामद कर ली गईं। सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

आरोपी CIA के हवाले
थाना शाहाबाद के SHO जगदीश टामक ने बताया कि आरोपी की पहचान सतेंद्र निवासी मंडोखरा के रूप में हुई है। आरोपी को पूछताछ के लिए CIA के हवाले किया गया है। पुलिस आरोपी से वारदात के संबंध में पूछताछ कर रही है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।