Kurukshetra News: आर्मेनिया में शाहाबाद के युवक की मौत, गैस पाइप फटने से हुआ हादसा

कुरुक्षेत्र के नगला गांव के युवक प्रवीन की आर्मेनिया में गैस सिलेंडर विस्फोट से मौत। दो साल पहले रोजगार के लिए गया था विदेश, अब परिवार ने सरकार से मांगी शव लाने की मदद।

 
कुरुक्षेत्र न्यूज़

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र के युवक की आर्मेनिया में मौत हो गई। युवक रोजगार की तलाश में विदेश गया था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अब परिवार बेटे का शव भारत लाने के लिए सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है।

मृतक की पहचान नगला गांव के रहने वाले प्रवीन कुमार के रूप में हुई है। प्रवीन करीब दो साल पहले अगस्त 2024 में आर्मेनिया गया था। परिवार को प्रवीन के आर्मेनिया जाने से घर की आर्थिक हालत में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। प्रवीन के पिता वेद प्रकाश दिव्यांग है।

धमाके ने पूरे कमरे को चपेट में लिया

परिवार के मुताबिक प्रवीन अर्मेनिया में किराए के कमरे में रहता था। यहां प्रवीन कमरे में अपने लिए खाना बना रहा था। इसी दौरान रसोई गैस पाइप में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग से प्रवीन बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आज घटना की सूचना जैसे ही परिवार को मिली, घर में मातम छा गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को अब भी भरोसा नहीं हो रहा कि जिस बेटे को बेहतर भविष्य के लिए विदेश भेजा था, वह अब कभी लौटकर नहीं आएगा। परिवार ने प्रवीन को विदेश भेजने के लिए उन्होंने कर्ज लिया था।