Pehowa National Highway Fire: नेशनल हाईवे-152 पर धू-धूकर जली कार, बोनट से आग निकलते ही मची अफरातफरी

पिहोवा के पास हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर चलती स्कोडा स्लाविया कार में अचानक आग लग गई। समय रहते बाहर निकलने से बची जान।
 
car caught fire Haryana

कुरुक्षेत्र  : पिहोवा के पास हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर अरुणाय गांव के मोड़ के पास चलती स्कोडा स्लाविया कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार भाई-बहन ने समय रहते गाड़ी रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

बोनट से अचानक निकलीं आग की लपटें
जुरासी कलां गांव निवासी हरमन सिंह ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ स्कोडा स्लाविया कार में निगदू, करनाल गए थे। वहां वे अपने चाचा-चाची को छोड़ने के बाद वापस घर लौट रहे थे। कार उसकी बहन चला रही थी।

वापसी के दौरान जब वे हिसार-चंडीगढ़ हाईवे-152 पर अरुणाय गांव के मोड़ के पास पहुंचे तो कार की रफ्तार कम थी। इसी दौरान उसकी बहन ने बोनट की तरफ से आग की लपटें निकलती देखीं। उसने तुरंत कार रोक दी। दोनों भाई-बहन बिना देरी किए कार से बाहर निकल गए।

कुछ ही देर में धू-धूकर जलने लगी कार
कार से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग तेजी से फैलने लगी। बोनट से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते कार के अंदरूनी हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।

आग बुझने के बाद बचा लोहे का ढांचा
आग इतनी तेजी से फैली कि कार की सीटें और अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जल गया। आग बुझने के बाद कार लगभग पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी।

समय रहते बाहर निकलने से बची जान
घटना में भाई-बहन को कोई चोट नहीं आई। कार के बोनट से आग की लपटें दिखाई देते ही गाड़ी रोककर दोनों के बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया। कार में आग किस कारण लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।