Kurukshetra News: SYL नहर के साइफन में फंसा मिला साल भर पुराना शव; मोबाइल और चाबी से पहचान में जुटी पुलिस

कुरुक्षेत्र के झांसा में SYL नहर से 40 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद। मिट्टी में दबे होने के कारण साल भर बाद भी सुरक्षित मिला शव। पुलिस मोबाइल के जरिए शिनाख्त में जुटी।

 
Kurukshetra Crime News Update

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के झांसा क्षेत्र में सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर से एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव साइफन के बीच मिट्टी और कबाड़ में फंसा हुआ था। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि नहर में पानी का स्तर काफी कम होने के कारण साइफन के पास मिट्टी में दबा एक पैर दिखाई दिया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और गोताखोरों को दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया और शव को बाहर निकालकर पुलिस के हवाले किया। मृतक ने काले रंग की पैंट पहन रखी थी। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक की-पैड मोबाइल फोन और स्कूटी की चाबी बरामद हुई। पुलिस अब मोबाइल और सिम कार्ड के जरिए मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

गोताखोर प्रगट सिंह के अनुसार शव करीब एक साल पुराना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि शव मिट्टी और कबाड़ के बीच फंसा होने के कारण हवा नहीं लग पाई, जिससे वह पूरी तरह खराब नहीं हुआ। साथ ही जलीय जीव भी शव तक नहीं पहुंच सके। मृतक की उम्र लगभग 40 से 42 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।

थाना झांसा के SHO नरेश कुमार ने बताया कि आसपास के पुलिस थानों से पिछले छह महीने से एक साल के दौरान दर्ज लापता लोगों का रिकॉर्ड मंगवाया गया है। शुरुआती जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की मौत नहर में डूबने से हुई हो सकती है। फिलहाल शव को पहचान के लिए LNJP अस्पताल की मॉर्चरी में 72 घंटे के लिए रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।