कुरुक्षेत्र: नहर में मिला 17 वर्षीय किशोर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर के पास नहर में 17 वर्षीय अभिजीत का शव मिला। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का शक जताया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रही इंतजार।
कुरुक्षेत्र: जिले के भाखड़ा नरवाना ब्रांच नहर में शनिवार सुबह 17 साल के किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान अंबाला जिले के एक गांव निवासी अभिजीत के रूप में हुई है. शव गांव ज्योतिसर के पास नहर में मिला. इधऱ, सूचना मिलने पर गोताखोर प्रगट सिंह और पुलिस मौके पर पहुंचे. शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया गया है. वहीं, परिजनों ने युवक के चार दोस्तों पर हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.
मॉर्निंग वॉक पर निकले युवकों ने देखा शव: पुलिस की मानें तो गांव दबखेड़ी के कुछ युवक सुबह करीब आठ बजे मॉर्निंग वॉक के लिए नहर किनारे पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर नहर में तैरते हुए एक शव पर पड़ी. युवकों ने तुरंत गोताखोर प्रगट सिंह को सूचना दी. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी बुलाया. पुलिस की मौजूदगी में शव को नहर से बाहर निकाला गया.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका: मामले में मृतक के पिता निर्मल सिंह ने कहा कि, " मेरा बेटा बुधवार दोपहर करीब तीन बजे से लापता था. उसकी चप्पल जनसुई हेड के पास मिली थी, जबकि मोटरसाइकिल इस्माईलाबाद के पास बरामद हुई थी. हमने पहले ही पुलिस में गुमशुदगी की सूचना दर्ज करा दी थी. ये मेरा बेटा इकलौता था. हमें उसके चार दोस्तों पर शक है. पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और यदि कोई दोषी है तो उसे सख्त सजा मिले."
शरीर पर नहीं कोई चोट के निशान: वहीं, मामले में गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि, "शव मिलने की सूचना के बाद हम तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला. युवक के शरीर पर पहली नजर में किसी तरह के चोट के निशान दिखाई नहीं दिए. यह हादसा है या हत्या...इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा."
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार: वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया है. परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.

