Kurukshetra Mandi: थानेसर मंडी में गेहूं खरीद में धांधली का आरोप, किसानों का हंगामा
कुरुक्षेत्र की थानेसर मंडी में दूसरे राज्यों से गेहूं लाकर MSP पर बेचने का आरोप। शहीद भगत सिंह किसान यूनियन ने सौंपी CCTV फुटेज। मार्केट कमेटी ने शुरू की जांच।
कुरुक्षेत्र : जिले की अनाज मंडी थानेसर में गेहूं खरीद को लेकर गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। शहीद भगत सिंह किसान यूनियन (SBSKU) ने आरोप लगाया है कि दूसरे प्रदेश से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में गेहूं लाकर उसे रातोंरात न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बेच दिया गया, जबकि स्थानीय किसान अपनी फसल बेचने के लिए मंडी में धक्के खा रहे हैं।
यूनियन के महासचिव दिलबाग सिंह ने बताया कि बीती रात दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में करीब 150-150 क्विंटल गेहूं मंडी में लाया गया। आरोप है कि इन ट्रॉलियों का न तो गेट पास काटा गया और न ही किसी प्रकार की बायोमेट्रिक प्रक्रिया की गई। ट्रैक्टर सीधे मंडी में प्रवेश कर गए और रात के समय गेहूं की तुलाई करवाई गई। यूनियन को आशंका है कि यह गेहूं रातोंरात MSP पर बेच भी दिया गया।
दिलबाग सिंह के अनुसार उनके पास ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के मंडी में प्रवेश करने की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। उनका कहना है कि ये ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मंडी के पिछले गेट से अंदर आईं और उन पर यूपी नंबर दर्ज था। यूनियन ने यह फुटेज मार्केट कमेटी के अधिकारियों को सौंपते हुए मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।
यूनियन नेताओं का कहना है कि किसानों के लिए बायोमेट्रिक, गेट पास और रजिस्ट्रेशन जैसी कई शर्तें लागू हैं, लेकिन व्यापारियों के लिए ऐसे कड़े नियम नहीं हैं। उनका आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर गड़बड़ी की जा सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो किसान यूनियन सड़क जाम करने पर मजबूर होगी।
वहीं, मार्केट कमेटी के सचिव हरजीत सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। दो वाहन बिना गेट पास के मंडी में आए थे, जिसकी जांच की जा रही है। यूनियन की ओर से दी गई सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस आढ़ती के पास यह गेहूं आया होगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और मंडी में चेकिंग भी बढ़ाई जाएगी।

