Kurukshetra Train Accident News: वैष्णो देवी से लौट रहे युवक की चलती ट्रेन से गिरकर मौत, डोडा खेड़ी के पास मिला शव

वैष्णो देवी से लौट रहे 31 वर्षीय युवक की चलती ट्रेन से गिरकर मौत। कुरुक्षेत्र के डोडा खेड़ी के पास मिला शव।
 
GRP Kurukshetra case

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले में डोडा खेड़ी गांव के पास चलती ट्रेन से गिरकर 31 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक अपने चचेरे भाई और साले के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन कर कटरा से नई दिल्ली लौट रहा था। यात्रा के दौरान वह बाथरूम जाने की बात कहकर सीट से उठा, लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में उसका शव रेलवे लाइन के बाहर घास में पड़ा मिला।

मृतक की पहचान देवेंद्र लोधी निवासी लुहारी, जिला दमोह (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। वह खेती-बाड़ी करता था। करीब 8 साल पहले उसकी शादी रजनी बाई से हुई थी। उसके तीन बेटियां और एक बेटा है। देवेंद्र तीन बहनों का इकलौता भाई था।

वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे थे

पुलिस को दिए बयान में कमलेश लोधी निवासी केरवारा, जिला छतरपुर ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई देवेंद्र और उसके साले शिवराज सिंह के साथ 1 सितंबर को माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा गया था। दर्शन के बाद तीनों ट्रेन नंबर 12446 उत्तर संपर्क क्रांति से कटरा से नई दिल्ली लौट रहे थे।

बाथरूम जाने के बाद नहीं लौटा

अंबाला रेलवे स्टेशन पार करने के बाद देवेंद्र ने अपने साले शिवराज से बाथरूम जाने की बात कही और सीट से उठकर चला गया। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने बाथरूम और ट्रेन के डिब्बे में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

इसी दौरान यात्रियों से पता चला कि डोडा खेड़ी रेलवे स्टेशन के पास एक युवक चलती ट्रेन से गिर गया है। ट्रेन पानीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो कमलेश और शिवराज वापस डोडा खेड़ी की ओर पहुंचे और देवेंद्र की तलाश शुरू की।

रेलवे लाइन के बाहर मिला शव

तलाश के दौरान रेलवे के किलोमीटर नंबर 158/18 के पास घास में देवेंद्र का शव पड़ा मिला। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा थी और पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी थी। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने आधार कार्ड, जेब से मिली टिकट और मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान की।कुरुक्षेत्र GRP ने कमलेश और शिवराज के बयान पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।