KUK Hostel Merit List Controversy: केयू में हॉस्टल मैरिट सूची में धांधली का आरोप, वीसी दफ्तर के बाहर गरमाई राजनीति

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हॉस्टल आवंटन और मेरिट सूची में धांधली का आरोप लगाते हुए छात्राओं ने वीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
 
केयू वीसी कार्यालय प्रदर्शन

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में छात्राओं से जुड़े हॉस्टल आवंटन और मेरिट सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर संयुक्त छात्र मोर्चा कुरुक्षेत्र के नेतृत्व में आज छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने गर्ल्स चीफ वार्डन कार्यालय के सामने एकत्र होकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में विरोध मार्च निकालते हुए वाइस चांसलर कार्यालय के समक्ष अपनी मांगें रखीं।

छात्र मोर्चा के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल की पहली और दूसरी मेरिट सूची में नियमों, अकादमिक प्रतिशत तथा आरक्षण व्यवस्था, विशेषकर SC/ST एवं दिव्यांग कोटे, की अनदेखी की गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि योग्य छात्राओं को हॉस्टल से वंचित किया जा रहा है, जबकि हॉस्टल आवंटन की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव नजर आ रहा है। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली कई योग्य छात्राओं को हॉस्टल सुविधा नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें पढ़ाई जारी रखने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।जबकि 20 से 25 किलोमीटर के छात्र को होस्टल अलॉट कर दिया गया है। जोकि सरासर गक्त है।

प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि हॉस्टल की मेरिट सूची को पारदर्शी तरीके से जारी किया जाए, सभी पात्र छात्राओं को नियमों के अनुसार आरक्षण का लाभ दिया जाए तथा हॉस्टल आवंटन प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा की जाए। छात्र मोर्चा ने चीफ वार्डन की प्रशासनिक जवाबदेही तय करने और सभी संबंधित सूचियों को विश्वविद्यालय के पोर्टल पर समय पर अपलोड करने की भी मांग उठाई।प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि न्याय, समानता और पारदर्शिता के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र मोर्चा आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होगा। संयुक्त छात्र मोर्चा कुरुक्षेत्र ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।