लोहारू सड़क हादसा: गलत दिशा से आई पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, किसान की मौत

लोहारू के ढिगावा के पास भीषण सड़क हादसा। गलत दिशा में दौड़ रही पिकअप ने बाइक सवारों को कुचला, गोविंदपुरा के किसान धर्मेंद्र की मौत, विनोद गंभीर घायल। पुलिस जांच जारी।

 
लोहारू पुलिस जांच रविंद्र जांगड़ा

लोहारू। गांव ढिगावा के निकट बुधवार को गलत दिशा से तेज रफ्तार में आई पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें गांव गोविंदपुरा निवासी 40 वर्षीय किसान धर्मेंद्र की मौत हो गई जबकि उसका साथी विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा उस समय हुआ जब गोविंदपुरा से ढिगावा की ओर जा रहे बाइक सवार को भिवानी की तरफ से गलत दिशा में आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को लोहारू के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर हालत में विनोद को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक धर्मेंद्र गांव में खेतीबाड़ी करता था और अपने परिवार का सहारा था। उसके दो बेटे हैं। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप चालक लापरवाही से गलत दिशा में वाहन चला रहा था जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी रविंद्र जांगड़ा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घायल विनोद के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।