Sanyukt Morcha Loharu News: बिजली वितरण के निजीकरण के विरोध में उतरे कर्मचारी, सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

बिजली निगम के निजीकरण और समानांतर लाइसेंस के विरोध में लोहारू में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। मांगें न माने जाने पर हड़ताल की चेतावनी।
 
HRC rules change protest

लोहारू। संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को बिजली निगम कार्यालय में कर्मचारियों ने समानांतर लाइसेंस और सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था के निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन किया। चारों यूनियनों के प्रधानों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन की अध्यक्षता की और कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कर्मचारियों ने समानांतर लाइसेंस की प्रक्रिया वापस लेने और बिजली निगमों को मजबूत करने की मांग की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर संयुक्त मोर्चा की सरकार से बातचीत हो चुकी है लेकिन इसके बावजूद एचआरसी के नियमों में बदलाव कर पावर-11 नामक कंपनी को लाइसेंस देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने इसे बिजली वितरण व्यवस्था के निजीकरण की दिशा में कदम बताते हुए कहा कि कर्मचारी इसे किसी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड और निगमों का गठन आमजन को सस्ती, बेहतर और निर्बाध बिजली उपलब्ध करवाने के लिए हुआ था। कर्मचारी वर्षों से बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में भूमिका निभा रहे हैं। सार्वजनिक व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपना कर्मचारियों और उपभोक्ताओं दोनों के हित में नहीं है।

नेताओं ने कहा कि बातचीत से समाधान नहीं हुआ और समानांतर लाइसेंस प्रक्रिया वापस नहीं ली गई तो प्रदेशभर के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। इस अवसर पर राजेश जेई, रवि जेई, नरेंद्र सीए, रविंद्र, विनोद एएफएम, राकेश एएफएम, रणबीर एएलएम, दिनेश जेई, प्रमोद एएलएम और राजेश मौजूद रहे।