लोहारू: राजकीय महाविद्यालय और NICT के बीच समझौता, छात्रों को मिलेगी अनिवार्य इंटर्नशिप

लोहारू के चौधरी बंसी लाल राजकीय महाविद्यालय और NICT कंप्यूटर सेंटर में MoU। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत यूजी-पीजी छात्रों को मिलेगी डिजिटल स्किल्स और इंटर्नशिप।

 
रोजगारोन्मुख शिक्षा

लोहारू। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की अनिवार्य इंटर्नशिप को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से चौधरी बंसी लाल राजकीय महाविद्यालय, लोहारू तथा एनआईसीटी कंप्यूटर सेंटर के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता तथा रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

समझौते के तहत महाविद्यालय के यूजी एवं पीजी विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल स्किल, सूचना प्रौद्योगिकी आधारित प्रशिक्षण तथा विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ते हुए इंटर्नशिप उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि वे आधुनिक प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। इंटर्नशिप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. बजरंग ने बताया कि इस प्रकार के संस्थागत सहयोग से विद्यार्थियों को वास्तविक कार्य अनुभव मिलेगा तथा उनमें तकनीकी दक्षता एवं व्यावसायिक कौशल का विकास होगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

अंजलि रानी ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकी ज्ञान तथा व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे भविष्य में बेहतर रोजगार अवसर सुनिश्चित हो सकें। महाविद्यालय प्राचार्य ने कहा कि ऐसे संस्थागत सहयोग विद्यार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार तथा डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उनमें तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास तथा रोजगार क्षमता का विकास होगा और वे भविष्य की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकेंगे।