Loharu News: गांव सोहांसड़ा में जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव, SDM ने सुनीं 50 से अधिक जनसमस्याएं
लोहारू के सोहांसड़ा गांव में जिला प्रशासन के रात्रि ठहराव कार्यक्रम में एसडीएम मनोज कुमार दलाल ने ग्रामीणों की 50 से अधिक जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए।
लोहारू। जिला उपायुक्त साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में बुधवार शाम लोहारू उपमंडल के गांव सोहांसड़ा में जिला प्रशासन के रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम मनोज कुमार दलाल ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी 50 से अधिक जनसमस्याएं सुनीं। इसके बाद अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके घर-द्वार पर ही प्रशासनिक सेवाओं और राहत का लाभ पहुंचाना है। स्वयं मुख्यमंत्री समाधान शिविरों की प्रगति की समीक्षा करते हैं इसलिए अधिकारी जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, गली निर्माण, मेरी फसल-मेरा ब्योरा, स्वामित्व योजना, खेल स्टेडियम में सफाई, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी तथा राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें एसडीएम के समक्ष रखीं। इसके अलावा फैमिली आईडी (परिवार पहचान पत्र) में नाम सुधारने और आय कम करवाने से जुड़े मामले भी प्रमुखता से उठाए गए।
फैमिली आईडी में त्रुटियों के निवारण पर स्पष्टता देते हुए एसडीएम ने बताया कि आय संशोधन के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी परिजनों के बैंक खातों का विवरण, पटवारी से जमीन/प्लाट की रिपोर्ट तथा निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की फीस रसीद जमा कराना अनिवार्य है। इसके पश्चात क्रीड द्वारा भौतिक सत्यापन कराया जाता है। उन्होंने नागरिकों से सरकार की ऑनलाइन पारदर्शी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। ग्रामीणों ने अधिकारियों का पगड़ी व फूल-मालाओं से पारंपरिक स्वागत किया। जिला परिषद वाइस चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय जांगड़ा ने सभी अतिथियों का आभार जताया।
कार्यक्रम में डीएसपी संजीव कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीईओ निर्मल दहिया, कृषि उप निदेशक डॉ. विनोद कुमार फौगाट, बीईओ विजय प्रभा, बीडीपीओ अमित कुमार, नायब तहसीलदार अंकित कुमार, सरपंच राजकुमार, कृषि अभियंता डॉ. नसीब सिंह धनखड़, तहसील कल्याण अधिकारी राजकुमार व मत्स्य अधिकारी बलबीर सिंह माैजूद रहे।

