CBI Special Court Bhiwani: भिवानी के चर्चित मनीषा मामले में पुलिस जांच पर उठे सवाल, कोर्ट ने सुनवाई के लिए तय की 28 सितंबर की तारीख
भिवानी: जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी 19 साल की युवती मनीषा मौत मामले में मृतका के पिता संजय ने पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठाते हुए सी.बी.आई. की विशेष अदालत में विरोध याचिका दाखिल की है। इस याचिका में पुलिस द्वारा की गई जांच को अधूरा और गलतियों से भरा बताया गया है।
अदालत ने याचिका को स्वीकार कर लिया है और मामले की अगली सुनवाई की तारीख 28 सितम्बर तय की है। याचिकाकर्त्ता ढाणी लक्ष्मण निवासी संजय ने कोर्ट में दाखिल विरोध याचिका में आरोप लगाया है कि पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सबूतों को नजरअंदाज किया है। मनीषा की मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर पुलिस की रिपोर्ट पर शक जाहिर किया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों से ठीक से पूछताछ नहीं की।
उन्होंने यह भी दावा किया कि घटनास्थल से मिले कुछ अहम सुरागों को अनदेखा किया गया। याचिका में पुलिस अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। मामले की शुरूआत में ही जांच की दिशा गलत होने की बात कही गई है। मनीषा के पिता ने कहा कि हमें न्याय की उम्मीद है। पुलिस ने हमारी बात नहीं सुनी। कई बार पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपनी आशंकाएं व्यक्त की थीं। इसके बावजूद उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
याचिका में मांग की गई है कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजैंसी से करवाई जाए या फिर अदालत की निगरानी में फिर से जांच शुरू की जाए। पुलिस ने पहले इस मामले में अपनी अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी थी। उसमें कुछ लोगों को दोष मुक्त करार दिया गया था। इसी रिपोर्ट के खिलाफ यह विरोध याचिका दायर की गई है।